इस T20 लीग पर अचानक लगी रोक, बोर्ड ने लिया बड़ा फैसला, कई पाकिस्तानी खिलाड़ियों की कटी जेब

Bpl 2026 Season SuspendedImage Credit source: BPL
टी20 क्रिकेट लीग का जैसा जाल पूरी दुनिया में फैल चुका है, उसके चलते कई खिलाड़ियों को अलग-अलग देशों में जाकर खेलने का मौका मिल रहा है. भारतीय खिलाड़ियों को छोड़कर बाकी देशों के खिलाड़ी कई अलग-अलग लीग में खेल रहे हैं. मगर अब ऐसी ही एक लीग को अचानक रोकने का फैसला लिया गया है, जिसके चलते कई देशों के खिलाड़ियों की कमाई पर असर पड़ने वाला है. ये फैसला लिया है बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने, जिसने अपनी टी20 लीग BPL का नया सीजन रद्द कर दिया है.
बांग्लादेश ने इस वजह से रोकी BPL
बांग्लादेशी बोर्ड (BCB) के नए अध्यक्ष तमीम इकबाल ने एक बड़ा फैसला लेते हुए बांग्लादेश प्रीमियर लीग का अगला सीजन रद्द करने का फैसला किया. हर साल विवादों में घिरी रहने वाली इस टी20 लीग के इतिहास में ये एक नया बवाल जुड़ गया है और इसकी वजह भी पिछले सीजनों के विवाद ही हैं. असल में तमीम इकबाल ने ये फैसला बांग्लादेशी लीग में लगातार आ रहे करप्शन और वित्तीय शिकायतों के कारण लिया है.
तमीम ने बताया कि बोर्ड को BPL के आयोजन से काफी वित्तीय नुकसान झेलना पड़ा है और साथ ही तमाम शिकायतों ने भी बोर्ड को मुसीबत में डाला है. इसके चलते ही BCB ने इस लीग का अगला सीजन आयोजित नहीं करने का फैसला लिया है. तमीम ने साफ किया कि इस टी20 लीग का मौजूदा स्वरूप आर्थिक तौर पर बोर्ड के लिए फायदे का सौदा नहीं है और इसे बदलने पर काम किया जाएगा. उन्होंने साफ किया कि इस लीग से बोर्ड को फायदा होना चाहिए न कि नुकसान.
विवादों से भरा BPL का सफर
बांग्लादेशी टी20 लीग में पाकिस्तान से लेकर वेस्टइंडीज, श्रीलंका और इंग्लैडं के कई जाने-माने क्रिकेटर खेलते रहे हैं. पिछले सीजन में भी एलेक्स हेल्स, अबरार अहमद, मोहम्मद आमिर समेत कई विदेशी खिलाड़ियों ने लीग में हिस्सा लिया था लेकिन अब उनकी कमाई का एक जरिया बंद हो जाएगा. हालांकि, इस लीग में कमाई खिलाड़ियों के लिए आसान भी नहीं रही है क्योंकि पिछले सीजन में एक फ्रेंचाइजी अपने खिलाड़ियों को वक्त पर सैलरी तक नहीं दे पाई थी, जिसके चलते सीजन को अचानक रोकना पड़ा था.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More