'हमारे पास कोई ऑप्शन नहीं था...', पहला T20I जीतने के बाद श्रेयस अय्यर ने आखिर क्यों दिया ऐसा बयान, जो हो गया वायरल

Shreyas Iyer Statement: अफगानिस्तान के साथ खेले गए पहले टी-20 मैच में भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और 7 विकेट से जीत दर्ज की. इस जीत के साथ ही श्रेयस अय्यर एंड कंपनी ने सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है. जीत के हीरो रहे अभिषेक शर्मा ने कमाल का खेल दिखाया और अपनी टीम के लिए अहम रन जोड़े, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. कप्तान श्रेयस अय्यर भी टीम के प्रदर्शन से संतुष्ट दिखे. तो आइए जान लेते हैं कि मैच के खत्म होने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने क्या-क्या कहा...

गेंदबाजों की श्रेयस अय्यर ने की तारीफ

टीम इंडिया ने पहले टी-20 मैच में टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया. जहां, पहले बैटिंग करने आई अफगानिस्तान की टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 156 रन बनाए. वहीं, लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की ओर से अभिषेक शर्मा की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की बदौलत महज 14वें ओवर में ही लक्ष्य को हासिल कर लिया और 7 विकेट से जीत दर्ज की.

भारतीय गेंदबाजों ने दम दिखाया. इंजरी से लौटे जसप्रीत बुमराह ने किफायती स्पेल फेंका, जिसमें 26 रन देकर एक विकेट निकाला. वहीं, अर्शदीप सिंह ने महज 19 रन देकर 3 विकेट झटके. अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती के खाते में 1-1 विकेट आए. श्रेयस अय्यर से जब पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में पूछा गया कि आप बहुत खुश होंगे क्योंकि गेंदबाजी का प्रदर्शन शानदार था.

इसपर अय्यर ने कहा, "हां, बिल्कुल. मैं इसके लिए शुक्रगुजार हूं और सभी ने सफलता के लिए मिलकर काम किया और जैसा कि मैंने पहले कहा, बुमराह टीम के लिए बहुत अहम खिलाड़ी हैं और उन्होंने अच्छी शुरुआत दिलाई, जिससे बाद में आने वाले सभी गेंदबाजों के लिए मोमेंटम बना. अर्शदीप ने भी शानदार गेंदबाजी की, और उनके बाद अक्षर और वरुण ने जिस तरह से गेंदबाजी की, वह वाकई जबरदस्त कोशिश थी."

— BCCI (@BCCI) September 13, 2026

शिवम दुबे को 20वां ओवर देने पर भी दी प्रतिक्रिया

अफगानिस्तान की पारी के खिलाफ 20वां ओवर शिवम दुबे डालने आए. उन्होंने महंगा ओवर फेंका, जिसमें 2 छक्के, 2 चौकों के साथ अफगानिस्तान के बल्लेबाजों ने 21 रन बटोर लिए थे. हालांकि, मैच खत्म होने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने बताया कि 20वें ओवर के लिए उनके पास ऑप्शन नहीं थे.

क्या आप आखिरी ओवर में कुछ अलग कर सकते थे, या आपके पास कोई और विकल्प नहीं था? इसके जवाब में कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, "सच कहूं तो, कोई ऑप्शन नहीं था और आपने देखा कि दुबे के लिए भी 20वां ओवर डालना थोड़ा मुश्किल था, क्योंकि उन्हें पिच की स्पीड और बॉल के बर्ताव का अंदाजा नहीं था. तो हां, मुझे लगा कि वह उस समय अच्छा प्रदर्शन करेंगे, लेकिन कोई बात नहीं क्योंकि यह क्रिकेट का खेल है और मुझे यकीन है कि वह सोचेंगे कि उन्हें किन चीजों पर काम करने की जरूरत है."

अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की कप्तान ने की तारीफ

157 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए अभिषेक शर्मा 32 गेंद पर 7 चौके और 7 छक्कों की मदद से 82 रन बनाकर आउट हुए. तो वहीं, ईशान किशन ने 33 गेंद पर 5 चौके और 1 छक्के की मदद से 42 रन जोड़े. उनकी शानदार बल्लेबाजी से कप्तान श्रेयस अय्यर काफी खुश दिखे.

पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में ईशान किशन और अभिषेक शर्मा की बल्लेबाजी के बारे में बात करते हुए कहा, "हां, अभिषेक की बात करें तो, मुझे लगता है कि उन्होंने जो शॉट्स खेले, वे बेमिसाल थे और उनमें से कुछ तो शानदार थे. लेकिन ईशान की बात करें तो, हां, वह अभी जबरदस्त फॉर्म में हैं और ड्रेसिंग रूम में और प्रैक्टिस सेशन के दौरान मैदान पर भी वह जिस तरह से पेश आते हैं, उससे लगता है कि वह बहुत शांत और रिलैक्स्ड हैं, और उन्हें अपने खेल की अच्छी समझ है. तो एक टीम के तौर पर यह हमारे लिए बहुत अच्छी बात है."

ये भी पढ़ें: फिर जलील हुआ मोहसिन नकवी! पोडियम पर खड़े होकर करता रहा इंतजार, 'ट्रॉफी चोर' के नारे सुन मुंह छिपाकर भागा, वीडियो वायरल