T20I Tri-Series: नामीबिया से हारने के बाद भी चैंपियन बना साउथ अफ्रीका, फाइनल में जिम्बाब्वे को रौंदा

साउथ अफ्रीका ने जीता ट्राई-सीरीज का खिताब. (फोटो- ProteasMenCSA)
Namibia T20I Tri-Series: नामीबिया टी20I ट्राई-सीरीज के पहले ही मैच में मेजबान नामीबिया से हार झेलने वाली साउथ अफ्रीकी टीम ने शानदार वापसी करते हुए टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया. फाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने जिम्बाब्वे को एकतरफा अंदाज में 48 रनों से करारी शिकस्त दी. पिछले आठ दिनों के अंदर साउथ अफ्रीका की जिम्बाब्वे पर यह लगातार तीसरी जीत रही. अपने अहम खिलाड़ियों की गैर-मौजूदगी में उतरी इस टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया.
जॉर्डन हरमन ने खेली तूफानी पारी
टूर्नामेंट में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले लुआन-ड्रे प्रिटोरियस ग्रोइन इंजरी के कारण फाइनल का हिस्सा नहीं बन सके, लेकिन प्रोटियाज टीम पर इसका कोई असर नहीं पड़ा. ओपनिंग में वापसी करते हुए जॉर्डन हरमन ने मैदान के चारों ओर चौके-छक्कों की बरसात कर दी. उन्होंने सिर्फ 24 गेंदों में अपना पहला अर्धशतक पूरा किया. हरमन और कॉनर एस्टरहुइजन के बीच पहले विकेट के लिए 84 रनों की साझेदारी हुई.
फिर रुबिन हरमन और डेवाल्ड ब्रेविस ने पांचवें विकेट के लिए 47 रन जोड़े, जिसके दम पर साउथ अफ्रीका ने तीन दिनों में दूसरी बार 200 से ज्यादा का विशाल स्कोर खड़ा किया और 5 विकेट के नुकसान पर 205 रन बनाए. दूसरी ओर, जिम्बाब्वे के लिए ब्लेसिंग मुजराबानी ने 4 ओवर में किफायती 25 रन दिए, वहीं ब्रैड इवांस और न्यूमैन न्यामहुरी ने 2-2 विकेट हासिल किए.
ताश के पत्तों की तरह ढही जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी
200 से ज्यादा रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत काफी खराब रही. बेन करन पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले ईथन बॉश का शिकार बने. फिर इनोसेंट काया और ब्रायन बेनेट को डुआन यानसेन की उछाल और गति ने पवेलियन भेजा. चौथे ओवर तक जिम्बाब्वे ने 25 रन पर 4 गंवा दिए और नौवें ओवर तक 6 विकेट गिर गए. हालांकि, ब्रैड इवांस ने करियर की बेस्ट नाबाद 56 रनों की पारी खेली और कुंदई मतिगुमू के साथ 9वें विकेट के लिए 52 रनों की साझेदारी की. लेकिन इसके बावजूद साउथ अफ्रीका ने 48 रनों से मैच जीतकर ट्रॉफी उठा ली.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More