Tamil Nadu Factory Explosion: तमिलनाडु की फैक्ट्री में बॉयलर फटने से हादसा, बिहार के मजदूर की मौत, कई घायल
Published: Tuesday, July 14, 2026, 10:52 [IST]
Tamil Nadu Factory Explosion: तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले के गुम्मिडीपोंडी SIPCOT औद्योगिक परिसर में स्थित एक निजी मेटल स्मेल्टिंग फैक्ट्री में मंगलवार को भीषण हादसा हो गया। फैक्ट्री का विशाल बॉयलर फटने के बाद जोरदार धमाका हुआ, जिससे आग लग गई। हादसे में बिहार के 24 वर्षीय रवि रंजन की मौके पर ही मौत हो गई।
विस्फोट इतना जबरदस्त था कि उनके शरीर के अंग दूर-दूर तक बिखर गए। कई अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। दमकल विभाग और पुलिस की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है।
बॉयलर फटने के बाद लगी भीषण आग
जानकारी के मुताबिक, गुम्मिडीपोंडी के पार्था पालयम गांव के पास स्थित निजी मेटल स्मेल्टिंग फैक्ट्री में अचानक विशाल बॉयलर में विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि कुछ ही सेकंड में पूरी यूनिट आग की चपेट में आ गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
ये भी पढ़ें: Thalapathy Vijay Birthday: 150 करोड़ फीस छोड़ राजनीति में आए विजय, फिर जो हुआ उसने तमिलनाडु की राजनीति बदल दी
बिहार के रवि रंजन की मौत, कई मजदूर घायल
इस दर्दनाक हादसे में बिहार के 24 वर्षीय रवि रंजन की मौके पर ही मौत हो गई। विस्फोट इतना भीषण था कि उनके शरीर के अंग अलग हो गए। वहीं, बिहार के भूषण कुमार (25), ओम कुमार (22) और रंजीत कुमार (35) के साथ मध्य प्रदेश के सिम्बर सिंह (24) को गुम्मिडीपोंडी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा बिहार के राजा बाबू (26), रणवीर कुमार (26) और फ्रेंड्स कुमार (27) को चेन्नई के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है।
प्रिंस कुमार की हालत गंभीर, कई अस्पतालों में इलाज जारी
हादसे में घायल प्रिंस कुमार (25) की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए चेन्नई के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया है। डॉक्टरों की टीम सभी घायलों का इलाज कर रही है और कई की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर को खाली करा लिया गया है ताकि राहत और बचाव कार्य में किसी तरह की बाधा न आए।
ये भी पढे़ं: Bihar Teacher Vacancy: शिक्षक अभ्यर्थियों को बड़ा झटका, TRE-4 में 45 हजार की जगह सिर्फ 20 हजार पदों पर बहाली
दो घंटे तक चला रेस्क्यू, मलबे में फंसे लोगों की तलाश
गुम्मिडीपोंडी और चिपकाट (Chipkat) फायर स्टेशन की दमकल गाड़ियां करीब दो घंटे तक आग पर काबू पाने में जुटी रहीं। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मृतक का कटा हुआ हाथ घटनास्थल से लगभग 500 मीटर दूर मिला। गुम्मिडीपोंडी के डीएसपी ससिथरन के नेतृत्व में पुलिस और दमकल कर्मी फैक्ट्री के मलबे में फंसे संभावित मजदूरों की तलाश कर रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही नुकसान और हताहतों की अंतिम संख्या स्पष्ट हो सकेगी।