महाराष्ट्र के ठाणे में सड़क के गड्ढे ने ली TDRF जवान की जान, कई बड़े रेस्क्यू ऑपरेशन का रहे थे हिस्सा

महाराष्ट्र के ठाणे में सड़क के गड्ढे ने ली TDRF जवान की जान, कई बड़े रेस्क्यू ऑपरेशन का रहे थे हिस्सा

ठाणे डिजास्टर रिलीफ फोर्स में थे विकास गोरे.

Thane News: महाराष्ट्र के शहापुर में सड़क के गड्ढे ने ठाणे महानगरपालिका की ठाणे डिजास्टर रिलीफ फोर्स (TDRF) के एक जवान की जान ले ली. हादसा सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे उस समय हुआ, जब जवान विकास लहू गोरे शहापुर से ठाणे ड्यूटी पर जा रहे थे. हादसे में उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. इस घटना के बाद उनके साथियों और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.

गड्ढे में गिरने से अनियंत्रित हुई बाइक

जानकारी के अनुसार, सड़क पर मौजूद बड़ा गड्ढा हादसे की वजह बना. जैसे ही विकास गोरे की बाइक गड्ढे में गई, जोरदार झटका लगने से बाइक के दोनों टायर फट गए. इसके बाद बाइक अनियंत्रित हो गई और विकास सड़क पर गिर पड़े. हादसा इतना गंभीर था कि उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.

कई बड़े बचाव अभियानों में निभाई थी अहम भूमिका

विकास लहू गोरे TDRF के अनुभवी जवानों में शामिल थे. उन्होंने कई चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन में अपनी सेवाएं दी थीं. हाल ही में भिवंडी इमारत हादसे के दौरान चलाए गए बचाव अभियान में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. इसके अलावा इर्शालवाड़ी और तलाई भूस्खलन जैसी आपदाओं में भी उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाई थी.

महालक्ष्मी एक्सप्रेस रेस्क्यू में भी रहे थे शामिल

विकास गोरे ने बदलापुर के पास महालक्ष्मी एक्सप्रेस हादसे के दौरान भी राहत एवं बचाव अभियान में अहम जिम्मेदारी निभाई थी. वे कई कठिन परिस्थितियों में लोगों की जान बचाने वाले बहादुर जवानों में गिने जाते थे. उनकी सेवा और समर्पण को लेकर साथी जवान और अधिकारी उन्हें एक जिम्मेदार कर्मी के रूप में याद कर रहे हैं.

हादसे के बाद उठे सड़क सुरक्षा पर सवाल

इस घटना ने एक बार फिर खराब सड़कों और गहरे गड्ढों की समस्या को उजागर कर दिया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों पर बने बड़े गड्ढे लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं. लोगों ने सड़क की जल्द मरम्मत और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. दूसरों की जान बचाने के लिए हमेशा आगे रहने वाले TDRF जवान विकास लहू गोरे की सड़क हादसे में हुई मौत से उनके परिवार, साथी जवानों और स्थानीय लोगों में गहरा दुख है.

विनोद जगदाले

विनोद जगदाले

विनोद जगदाले को 22 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव है. वो मुंबई और महाराष्ट्र की राजनीति की गहरी समझ रखते हैं. ज़ी न्यूज़ और न्यूज़ 24 में पॉलिटिकल रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने कई बड़े खुलासे किए और एक्सक्लूसिव खबरें भी सामने लेकर आए. उनकी पहचान निष्पक्ष, बेबाक और जमीनी पत्रकार के तौर पर की जाती है. विनोद जगदाले 10 से ज्यादा सम्मान से सम्मानित और जनहित की आवाज को मजबूती से उठाने वाले वरिष्ठ पत्रकार हैं.

Read More

google button