महाराष्ट्र TET पेपर लीक पर राहुल-फडणवीस आमने-सामने, कांग्रेस नेता बोले- 6 लाख अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में, CM देवेंद्र ने कसा तंज

देश

महाराष्ट्र TET पेपर लीक पर राहुल-फडणवीस आमने-सामने, कांग्रेस नेता बोले- 6 लाख अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में, CM देवेंद्र ने कसा तंज

  • Edited by: शिव शुक्ला
  • Updated Jul 14, 2026, 09:53 PM IST

राहुल गांधी ने कहा कि ये अभ्यर्थी देश के भविष्य के शिक्षक हैं, जिन्होंने वर्षों तक तैयारी की, आवेदन शुल्क जमा किया और दूर-दराज के परीक्षा केंद्रों तक पहुंचे, लेकिन अब वे बिना किसी जवाब और नई तारीख के इंतजार करने को मजबूर हैं।

Image

महाराष्ट्र TET पेपर लीक पर राहुल और फडणवीस आमने-सामने।

महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 के कथित पेपर लीक मामले को लेकर सियासी बहस तेज हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने परीक्षा रद्द होने के बाद लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं, वहीं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि मामले की जांच पूरी हो चुकी है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इसी दौरान फडणवीस ने उद्धव ठाकरे के प्रस्तावित 'राम रक्षा आंदोलन' को लेकर भी उन पर निशाना साधा, जिसके बाद राज्य की राजनीति में बयानबाजी का दौर और तेज हो गया है।

छह लाख उम्मीदवार अनिश्चितता में- राहुल गांधी

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 के कथित पेपर लीक मामले को लेकर राज्य सरकार पर हमला बोला। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, 'महाराष्ट्र TET का पेपर लीक हुआ, परीक्षा रद्द कर दी गई और छह लाख उम्मीदवार अनिश्चितता में हैं। दो हफ्ते बीत चुके हैं, लेकिन नई तारीख का कोई पता नहीं है। पेपर लीक कराने वाले लोग खुले घूम रहे हैं, जबकि मेहनत और ईमानदारी से तैयारी करने वाले छात्र इसकी कीमत चुका रहे हैं।'

"सिस्टम की गलती की सजा उम्मीदवारों को क्यों?"

राहुल गांधी ने कहा कि ये अभ्यर्थी देश के भविष्य के शिक्षक हैं, जिन्होंने वर्षों तक तैयारी की, आवेदन शुल्क जमा किया और दूर-दराज के परीक्षा केंद्रों तक पहुंचे, लेकिन अब वे बिना किसी जवाब और नई तारीख के इंतजार करने को मजबूर हैं।

अपनी पोस्ट में उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से तीन मांगें भी रखीं।

  • नई परीक्षा तिथि तत्काल घोषित की जाए।
  • पेपर लीक के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
  • परीक्षा रद्द होने से प्रभावित उम्मीदवारों को आयु सीमा में छूट दी जाए।

राहुल गांधी ने महाराष्ट्र सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि गलती संस्थान की है और सजा उम्मीदवारों को मिल रही है, यह न्याय नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि 17 जुलाई को देहरादून दौरे के दौरान वह देश में बढ़ती पेपर लीक की घटनाओं और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की जरूरत पर विस्तार से चर्चा करेंगे।

देवेंद्र फडणवीस ने किया पलटवार

वहीं, राहुल गांधी के आरोपों पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच पहले ही की जा चुकी है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई है। उन्होंने कहा, "मैं राहुल गांधी को बताना चाहता हूं कि इस मामले की जांच हो चुकी है और आवश्यक कार्रवाई की गई है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।"

इस दौरान फडणवीस ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए यह भी कहा कि सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह है कि राहुल गांधी यह जानकारी भारत में रहकर मांग रहे हैं या फिर विदेश में कहीं बैठकर सोशल मीडिया के जरिए जवाब मांग रहे हैं।

उद्धव ठाकरे के 'राम रक्षा आंदोलन' पर भी साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे के प्रस्तावित 'राम रक्षा आंदोलन' पर भी टिप्पणी की। फडणवीस ने कहा कि वह 'राम रक्षा आंदोलन' आयोजित कर रहे हैं, लेकिन क्या उन्हें वास्तव में राम रक्षा के बारे में जानकारी है? मैं उनके आंदोलन में जरूर शामिल होऊंगा और राम रक्षा स्तोत्र का पाठ भी करूंगा,लेकिन सवाल यह है कि ऐसा आंदोलन किस तरह का है, जिसका नेतृत्व ऐसा व्यक्ति कर रहा है जिसे राम रक्षा का अर्थ और महत्व ही नहीं पता।

बता दें कि महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद (MSCE) का TET पेपर 28 जून को राज्य भर के 1,028 केंद्रों पर आयोजित होनी थी। फिर कथित पेपर लीक की आशंका के बाद इसे स्थगित कर दिया था। पुलिस जांच के दौरान भिवंडी में कुछ लोगों के पास परीक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारी होने की सूचना मिली थी।

विपक्ष ने उठाए सवाल, सरकार पर बढ़ा दबाव

TET परीक्षा रद्द होने के बाद लाखों अभ्यर्थी नई परीक्षा तिथि का इंतजार कर रहे हैं। विपक्ष सरकार से जवाबदेही तय करने और जल्द नई परीक्षा कराने की मांग कर रहा है, जबकि राज्य सरकार का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Shiv Shukla

शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

  • Hindi News
  • India

End of Article