पुरानी Thar और नई Thar OG में जमीन-आसमान का फर्क! इन 8 मैकेनिकल बदलावों ने SUV को बनाया और खास

कीमत, इंजन और फीचर्स में हुए बड़े बदलाव, बहुत कुछ है खास
महिंद्रा एंड महिंद्रा ने अपनी 3-डोर थार को बड़ा अपडेट देते हुए Thar OG नाम से लॉन्च किया है. इसकी शुरुआती कीमत 10.32 लाख रुपए रखी गई है. देखने में यह एसयूवी पहले वाली थार जैसी ही लगती है, लेकिन इसके अंदर कई बड़े बदलाव किए गए हैं. खासतौर पर इसके इंजन, सस्पेंश, चेसिस और दूसरे मैकेनिकल हिस्सों में काफी काम किया गया है.
Thar OG को LXT, AXT और ZXT जैसे तीन वेरिएंट में लाया गया है. इसमें तीन इंजन का ऑप्शन मिलेगा. ग्राहक अपनी जरूरत और वेरिएंट के हिसाब से रियर-व्हील ड्राइव और ऑल-व्हील ड्राइव में से चुन सकेंगे. इसकी कीमत 10.32 लाख रुपये से 17.75 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है.
नई थार में बाहर से भी कुछ बदलाव किए गए हैं. इसमें नया ग्रिल, नए डिजाइन के अलॉयल व्हील और बदले हुए फ्रंट और रियर बंपर मिलते हैं. अलग-अलग वेरिएंट में नए फीचर्स भी जोड़े गए हैं. इसकी डिलीवरी 11 अक्टूबर से शुरू होने वाली है. कंपनी ने इस बार सिर्फ लुक और फीचर्स पर ही काम नहीं किया है, बल्कि एसयूवी के अंदर के मैकेनिकल हिस्सों में भी बड़े बदलाव किए हैं.
Mahindra Thar OG: नया प्लेटफॉर्म
नई थार OG अब महिंद्रा के M_Glyde 4G प्लेटफॉर्म पर बनी है. यही प्लेटफॉर्म Thar Roxx में भी इस्तेमाल किया गया है. कंपनी के मुताबिक, नया प्लेटफॉर्म पहले से ज्यादा मजबूत है. इससे एसयूवी को सड़क पर चलाते समय बेहतर कंट्रोल मिलने के साथ-साथ ऑफ-रोडिंग में भी मदद मिलेगी.
Mahindra Thar OG: सस्पेंशन में बड़ा बदलाव
Thar OG में पीछे नया Penta-link सस्पेंशन दिया गया है, जिसमें Watts Link भी शामिल है. यही सेटअप Thar Roxx और Scorpio-N में भी देखने को मिलता है. इस बदलाव से SUV को सड़क पर ज्यादा आरामदायक बनाने और मोड़ या खराब रास्तों पर बेहतर कंट्रोल देने में मदद मिल सकती है.
Mahindra Thar OG: सस्पेंशन खुद बदलेगा अपना सेटअप
Thar OG में DAVINCI डैम्पिंग टेक्नोलॉजी भी दी गई है. इसमें Frequency Dependent Damping यानी FDD सिस्टम का इस्तेमाल किया गया है. आसान भाषा में समझें तो सड़क कैसी है और सस्पेंशन कितना हिल रहा है, उसके हिसाब से यह सिस्टम डैम्पिंग को बदल सकता है. इससे खराब रास्तों पर गाड़ी चलाते समय ज्यादा आराम मिल सकता है और गाड़ी का कंट्रोल भी बेहतर रह सकता है. खास बात यह है कि इसके लिए सेंसर या इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम की जरूरत नहीं होती. यह टेक्नोलॉजी पहली बार XUV 7XO में देखने को मिली थी.
Mahindra Thar OG: पहले से ज्यादा पावरफुल इंजन
Thar OG में पहले की तरह तीन इंजन का ऑप्शन मिलता है, लेकिन बड़े इंजन की पावर बढ़ाई गई है. 2.0-लीटर mStallion टर्बो पेट्रोल इंजन अब 160 bhp की पावर और 330 Nm का टॉर्क देता है. वहीं 2.2-लीटर mHawk डीजल इंजन 150 bhp की पावर और 330 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. इसके अलावा 1.5-लीटर डीजल इंजन पहले की तरह 116 bhp की पावर और 300 Nm का टॉर्क देता है. यानी ग्राहक पेट्रोल और डीजल दोनों इंजन में से अपनी पसंद का ऑप्शन चुन सकते हैं.
Mahindra Thar OG: सेफ्टी में भी बड़ा अपडेट
सेफ्टी के मामले में भी Thar OG में बदलाव किया गया है. इसमें आगे और पीछे बैठने वाले लोगों के लिए 6 एयरबैग दिए गए हैं. इसके अलावा पूरी रेंज में चारों पहियों पर डिस्क ब्रेक मिलते हैं. ऊपर वाले ZXT वेरिएंट में टायर का प्रेशर चेक करने वाला TPMS और रियर-व्यू कैमरा जैसे फीचर्स भी मिलते हैं.
Mahindra Thar OG: पहली बार इलेक्ट्रिक पावर स्टीयरिंग
नई Thar OG में पहली बार इलेक्ट्रिक पावर स्टीयरिंग दी गई है. इससे पहले Thar में हाइड्रोलिक पावर स्टीयरिंग मिलती थी. नई स्टीयरिंग का सबसे बड़ा फायदा कम स्पीड पर देखने को मिल सकता है. पार्किंग या शहर की तंग जगहों पर गाड़ी मोड़ते समय स्टीयरिंग को घुमाना आसान होगा. यानी रोजाना शहर में Thar चलाने वालों के लिए ड्राइविंग पहले से आसान हो सकती है.
Mahindra Thar OG: लॉकिंग डिफरेंशियल भी बदला
ऑफ-रोडिंग के लिए Thar OG में इलेक्ट्रॉनिक तरीके से काम करने वाला लॉकिंग डिफरेंशियल दिया गया है. यह पुराने मैकेनिकल सिस्टम की जगह आया है. इसके साथ SUV में Snow, Sand और Mud जैसे टेरेन मोड दिए गए हैं. इसके अलावा Zip और Zoom ड्राइव मोड भी मिलते हैं. इन मोड की मदद से अलग-अलग तरह की सड़क और रास्ते के हिसाब से SUV के ड्राइविंग सेटअप को बदला जा सकता है.
Mahindra Thar OG: अब तक के सबसे बड़े 19-इंच व्हील
नई Thar OG में पहले के मुकाबले चौड़ा ट्रैक दिया गया है. इसके फ्रंट और रियर बंपर में भी बदलाव किए गए हैं. साथ ही नए डिजाइन के अलॉय व्हील मिलते हैं. इसके ऊपर वाले वेरिएंट में 19-इंच के अलॉय व्हील दिए गए हैं. ये अब तक किसी Thar में लगाए गए सबसे बड़े व्हील हैं. इससे SUV का लुक पहले से ज्यादा दमदार नजर आता है.
यह भी पढ़ें- हर किसी के लिए नहीं होती 4×4 कार! इन लोगों के लिए खरीदना हो सकता है पैसों की बर्बादी
कार में लाउड हुआ म्यूजिक तो कट सकता है इतना चालान, जानें क्या कहता है नियम?

आयुषी चतुर्वेदी
आयुषी चतुर्वेदी tv9hindi.com में बतौर सीनियर सब एडिटर काम कर रही हैं. यहां बिजनेस ऑटोमोबाइल के अलावा टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती हैं. इससे पहले ET Now Swadesh Digital में Copy Editor थीं. इन्होंने अपना करियर जागरण न्यू मीडिया के साथ शुरू किया. Ayushi ने International School of Media & Entertainment Studies (ISOMES) से बैचलर ऑफ मॉस कम्युनिकेशन की डिग्री ली है. पिछले 3 साल से ये बिजनेस ऑटो टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती आ रही हैं. इन्हें सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाना काफी पंसद है. इन्होंने Auto, Tech में कई ऑनलाइन ऑफलाइन इवेंट भी कवर किए हैं. इन्हें ड्राइविंग और रिव्यू करना पसंद है. Ayushi को किताबें पढ़ने में रुचि हैं.
Read More