सागर TMT प्लांट में फर्नेस ब्लास्ट : हादसे को दबाने का आरोप, बाहरी सूचना पर पहुंची पुलिस - Haribhoomi
औद्योगिक क्षेत्र उरला के ग्राम कनहेरा स्थित सागर TMT प्लांट में फर्नेस ब्लास्ट की घटना ने फैक्ट्री में मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सागर TMT प्लांट में फर्नेस ब्लास्ट (AI-generated image)
- Published: 09 Aug 2026, 09:07 AM IST
- Last Updated: 09 Aug 2026, 09:07 AM IST
हेमन्त वर्मा- धरसींवा। औद्योगिक क्षेत्र उरला के ग्राम कनहेरा स्थित सागर TMT प्लांट में फर्नेस ब्लास्ट की घटना ने फैक्ट्री में मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे में मजदूरों के घायल होने के बाद उन्हें निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन ने घटना की जानकारी तत्काल पुलिस और संबंधित विभाग को नहीं दी।
हादसे की सूचना पुलिस तक पहुंची बाहर से
मामले की जानकारी मिलने के बाद उरला पुलिस की टीम निजी अस्पताल पहुंची और घायल मजदूरों के बयान दर्ज किए। पुलिस के मुताबिक, प्लांट प्रबंधन की ओर से हादसे की कोई आधिकारिक सूचना थाने में नहीं दी गई थी। बाहरी माध्यम से घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की।
उरला थाना प्रभारी रोहित मलेकर ने बताया कि मामले में पुलिस ने स्वयं संज्ञान लेते हुए घायलों के बयान दर्ज किए हैं। सुरक्षा मानकों की अनदेखी और घटना की जानकारी छिपाने के आरोपों को लेकर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ धारा 289 और 239 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
निजी अस्पताल में चल रहा घायल मजदूर का इलाज
फर्नेस ब्लास्ट के बाद घायल मजदूरों को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। इनमें से एक मजदूर का इलाज फिलहाल जारी बताया जा रहा है। हादसे के बाद प्लांट में सुरक्षा इंतजामों को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।
श्रम विभाग की भूमिका पर भी उठे सवाल
घटना के बाद श्रम विभाग की सक्रियता को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। औद्योगिक इकाइयों में मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना संबंधित विभागों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ऐसे में हादसे के बावजूद विभाग को घटना की जानकारी समय पर क्यों नहीं मिली, इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं।
सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर जांच की मांग
हादसे ने औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों के पालन की निगरानी व्यवस्था पर बहस छेड़ दी है। श्रमिक संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि फैक्ट्रियों में सुरक्षा से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन होना चाहिए, ताकि मजदूरों की जान जोखिम में न पड़े।
मुख्यमंत्री से शिकायत की तैयारी
सागर TMT हादसे को लेकर श्रम सतर्कता समिति धरसींवा के सदस्यों ने मामले को गंभीरता से उठाने की तैयारी की है। समिति जल्द ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर लिखित शिकायत देने की बात कह रही है। समिति की ओर से दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और घायल मजदूरों को उचित सहायता दिलाने की मांग किए जाने की बात कही गई है।
पुलिस का पक्ष
उरला पुलिस के अनुसार, सागर TMT प्लांट हादसे में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और घटना की जानकारी छिपाने के आरोप में कंपनी प्रबंधन के खिलाफ धारा 289 और 239 के तहत मामला दर्ज किया गया है। घायलों के बयान लिए गए हैं और मामले की जांच जारी है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)