Top News: ट्रंप के टैरिफ के खिलाफ 25 राज्य; JK के छह जिले बादल फटने से तबाह; भारत में कई व्हाट्सएप अकाउंट बंद
Tue, 04 Aug 2026 05:01 AM IST
शिवम गर्ग
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: शिवम गर्ग Updated Tue, 04 Aug 2026 05:01 AM IST
आज मंगलवार, 04 अगस्त 2026 की सुबह देश-दुनिया की बड़ी और हलचल भरी खबरों के साथ आपका अमर उजाला हाजिर है। देश-दुनिया में आज कई बड़ी घटनाएं सुर्खियों में रहीं। जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और बादल फटने से छह जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि राहत एवं बचाव दल ने 84 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। उधर, अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई टैरिफ नीति के खिलाफ 25 राज्यों ने मोर्चा खोल दिया है और सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला देते हुए इस नीति को चुनौती दी है। पश्चिम बंगाल में टीएमसी की पूर्व मंत्री शशि पांजा और सांसद काकोली घोष की लगातार मुलाकातों से राजनीतिक गलियारों में नई अटकलें तेज हो गई हैं। वहीं, कई भारतीय व्हाट्सएप यूजर्स के अकाउंट बिना किसी पूर्व चेतावनी के बंद होने पर कंपनी ने सफाई दी है कि संदिग्ध गतिविधियों की जांच के तहत खातों की समीक्षा की जा रही है। देश-दुनिया की ये सभी बड़ी खबरें विस्तार से पढ़ें एक जगह और एक ही क्लिक में...
मौसम ने मचाई तबाही - फोटो : अमर उजाला
Jammu & Kashmir: छह जिलों में बादल फटे, एक की मौत, 84 लोगों का रेस्क्यू
जम्मू-कश्मीर में मानसून सीजन तबाही ला रहा है। सोमवार को प्रदेश के छह जिलों में बादल फटे। कुपवाड़ा के लोलाब में बाढ़ में बहने से महिला की मौत हो गई। शोपियां में बारिश ने भारी तबाही मचाई। बाढ़ में फंसे 80 लोगों को बचाया गया है। डल झील में नाव में फंसे चार युवकों को भी सुरक्षित निकाल लिया गया है। मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार को भी भारी बारिश, बादल फटने, बाढ़ और भूस्खलन की आशंका जताई है। पढ़ें पूरी खबर...
अमेरिका में ही ट्रंप की टैरिफ नीति का विरोध (फाइल) - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स / एडॉब स्टॉक
ट्रंप की नई टैरिफ नीति के खिलाफ 25 राज्य
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ नीति एक बार फिर चर्चा में है। 25 अमेरिकी राज्यों ने ट्रंप प्रशासन के खिलाफ मुकदमा दायर किया है। इन राज्यों का आरोप है कि ये नए टैरिफ फरवरी में सुप्रीम कोर्ट द्वारा रद्द किए गए आयात करों को बदलने का बहाना हैं। पिछले महीने यानी जुलाई में अमेरिका ने 59 देशों और यूरोपीय संघ पर दोहरे अंक वाले टैरिफ लगाए थे। ये टैरिफ जबरन श्रम से उत्पादित आयात पर पर्याप्त कार्रवाई न करने के आरोप में लगाए गए। पढ़ें एक क्लिक पर...
विज्ञापन
विज्ञापन
TMC - फोटो : TMC
TMC में एक और टूट के कयास: क्या सियासी पाला बदलेंगी शशि पांजा?
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री शशि पांजा की लगातार दूसरे दिन एनसीपीआई सांसद काकली घोष दस्तीदार के क्लिनिक पहुंचने से उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर अटकलों का दौर शुरू हो गया है। हालांकि दोनों नेताओं ने इन मुलाकातों को पूरी तरह पेशेवर बताया है। कोलकाता स्थित काकली घोष दस्तीदार के क्लिनिक से बाहर निकलते समय पत्रकारों ने शशि पांजा से पूछा कि क्या वह ममता बनर्जी गुट की टीएमसी छोड़ने की तैयारी कर रही हैं। इस पर उन्होंने केवल मुस्कुराते हुए कहा 'मुझे जाना है' और बिना कोई जवाब दिए वहां से चली गईं। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन
दबंगों ने तीन सेल्समेनों को पीटा - फोटो : अमर उजाला
आगरा में पेट्रोल पंप पर दबंगों का तांडव: बोतल में पेट्रोल न देने पर तीन सेल्समैन को पीटा
आगरा के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में हाथरस रोड स्थित भाटिया पेट्रोल पंप पर सोमवार रात को इलेक्ट्रिक ऑटो से तीन युवक बोतल में पेट्रोल भरवाने आए। देने से मना करने पर दबंगों ने पंप के सेल्समेनों से हाथापाई कर दी। विरोध करने पर उन्होंने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में ऑटो में भरकर पहुंचे हमलावरों ने पेट्रोल पंप पर पथराव कर दिया। कर्मचारियों को आग बुझाने वाले उपकरणों से बेहरमी से पीटा। पेट्रोल भरवाने पहुंचे ग्राहकों को भी नहीं बख्शा। पढ़ें एक क्लिक पर...