नए अवतार में आएगी Toyota Fortuner, मिल सकते हैं ये 5 खास फीचर्स, पहले से शानदार होगी SUV
भारतीय बाजार में सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली फुल-साइज SUV में से एक Toyota Fortuner जल्द ही नए अवतार में लॉन्च हो सकती है. पिछले कई सालों से यह SUV अपनी मजबूत बॉडी, दमदार इंजन और शानदार ऑफ-रोड क्षमता के लिए जानी जाती है. हालांकि, फीचर्स के मामले में Fortuner अपने कई प्रतिद्वंद्वियों से पीछे रह गई थी. अब उम्मीद है कि कंपनी अगली जनरेशन Fortuner में कई ऐसे प्रीमियम फीचर्स जोड़ सकती है, जिनका ग्राहक लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं.
1. बड़ी टचस्क्रीन और नया डिजिटल डिस्प्ले
नई Fortuner में सबसे बड़ा बदलाव इसके इंटीरियर में देखने को मिल सकता है. मौजूदा मॉडल में मिलने वाली 8 इंच की इंफोटेनमेंट स्क्रीन की जगह अब 12.3 इंच की बड़ी टचस्क्रीन मिल सकती है. इसके साथ ड्राइवर डिस्प्ले भी पहले से बड़ा और ज्यादा एडवांस हो सकता है. हालांकि, यह फीचर ऊंचे वेरिएंट में मिलने की संभावना है. वहीं बेस वेरिएंट में भी वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay जैसे फीचर्स दिए जा सकते हैं.
2. 360 डिग्री कैमरा
अभी Fortuner में 360 डिग्री कैमरा एक्सेसरी के रूप में मिलता है, लेकिन नई SUV में इसे टॉप वेरिएंट में स्टैंडर्ड फीचर बनाया जा सकता है. 360 डिग्री कैमरे की मदद से पार्किंग और तंग जगहों पर गाड़ी चलाना काफी आसान हो जाता है. आजकल छोटी कारों में भी यह फीचर मिलने लगा है, इसलिए Fortuner में इसका आना लगभग तय माना जा रहा है.
3. पहली बार मिलेगा ADAS
आज बाजार में कई कॉम्पैक्ट SUV भी ADAS के साथ आती हैं, लेकिन Fortuner में अभी तक यह फीचर नहीं मिलता. रिपोर्ट्स के मुताबिक, थाईलैंड में टेस्टिंग के दौरान देखे गए नए मॉडल में फ्रंट रडार दिखाई दिया है. इससे उम्मीद है कि भारत में आने वाली नई Fortuner में भी ADAS दिया जाएगा. इसमें ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग, लेन कीप असिस्ट, अडैप्टिव क्रूज कंट्रोल और फॉरवर्ड कोलिजन वार्निंग जैसे सेफ्टी फीचर्स शामिल हो सकते हैं. हालांकि, ADAS आने से SUV की कीमत 2 से 3 लाख रुपये तक बढ़ सकती है.
4. वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें
मौजूदा Fortuner में वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें केवल कुछ चुनिंदा वेरिएंट में ही मिलती हैं. खास बात यह है कि टॉप माइल्ड-हाइब्रिड वेरिएंट में यह फीचर नहीं दिया गया है. उम्मीद की जा रही है कि नई Fortuner में यह सुविधा ज्यादा वेरिएंट में उपलब्ध होगी, जिससे गर्मियों में ड्राइविंग का अनुभव और भी आरामदायक हो जाएगा.
5. आखिरकार मिलेगा सनरूफ
Fortuner की सबसे बड़ी कमी मानी जाने वाली सनरूफ की मांग अब पूरी हो सकती है. इसके ज्यादातर प्रतिद्वंद्वी पहले से ही पैनोरमिक सनरूफ के साथ आते हैं. ऐसे में माना जा रहा है कि Toyota भी नई Fortuner में पहली बार पैनोरमिक सनरूफ दे सकती है. इससे SUV का प्रीमियम लुक और ग्राहकों का अनुभव दोनों बेहतर होंगे.
अगर ये सभी फीचर्स नई Toyota Fortuner में शामिल किए जाते हैं, तो यह SUV पहले से कहीं ज्यादा आधुनिक और प्रीमियम बन जाएगी. इससे MG Gloster, Skoda Kodiaq और Jeep Meridian जैसी SUV को कड़ी टक्कर मिल सकती है.
ये भी पढ़ें- ₹1.25 लाख में लॉन्च हुई नई इलेक्ट्रिक बाइक, 4 घंटे में फुल चार्ज, 260 KM तक चलेगी!

महेंद्र भार्गव
महेंद्र भार्गव एक अनुभवी बिजनेस और ऑटोमोबाइल जर्नलिस्ट हैं, जो 2018 से डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं. वर्तमान में महेंद्र TV9 Bharatvarsh के साथ जुड़े हुए हैं, जहां बिजनेस और ऑटोमोबाइल से जुड़ी लेटेस्ट अपडेट्स, रिव्यू, एक्सक्लूसिव स्टोरीज़ और इन-डेप्थ एनालिसिस पर काम कर रहे हैं. ऑटोमोबाइल और बिजनेस सेगमेंट में 5+ सालों के अनुभव के साथ, Mahendra ने कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया है. महेंद्र नवदुनिया (दैनिक जागरण ग्रुप) अखबार से रिपोर्टर के तौर पर शुरुआत की. आगे ETV Bharat, Dainik Bhaskar, News18 और Zee News में उन्होंने डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में कई भूमिकाओं में काम किया.
Read More