UGC-NET जून 2026 में बड़ा बदलाव, इंग्लिश-कॉमर्स-सोशियोलॉजी की परीक्षा दोबारा, जानें डेट

NTA UGC NET 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने UGC-NET जून 2026 की परीक्षा तीन विषयों के लिए दोबारा कराने का फैसला किया है। इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी की यह परीक्षा 9 और 10 सितंबर को होगी। यह फैसला ऑरिजिनल क्वेश्चन पेपर में ढेरों गलतियां पाए जाने के बाद लिया गया है। इन विषयों के रिजल्ट अभी रोक दिए गए हैं।

UGC NET Re Exam 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने एक आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर बताया है कि UGC-NET जून 2026 की परीक्षा तीन विषयों के लिए फिर से आयोजित की जाएगी। ये विषय हैं- इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी। इन विषयों की परीक्षा 9 और 10 सितंबर को होगी।

NTA ने इन विषयों के उम्मीदवारों के लिए एक जरूरी नोट भी जारी किया है। इसमें कहा गया है कि अगर इन तीन विषयों के उम्मीदवार अभी अपना स्कोरकार्ड देखने की कोशिश करेंगे, तो उन्हें 'अमान्य एप्लीकेशन नंबर/पासवर्ड' जैसा मैसेज दिख सकता है। एजेंसी ने साफ किया है कि इन तीनों विषयों के रिजल्ट और स्कोरकार्ड दोबारा परीक्षा होने के बाद ही जारी किए जाएंगे।

इस बीच, NTA ने शुक्रवार को 84 विषयों के लिए UGC-NET जून 2026 के नतीजे घोषित कर दिए हैं। उम्मीदवार UGC-NET की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट और स्कोरकार्ड देख, डाउनलोड और प्रिंट कर सकते हैं।

प्रश्नपत्रों में गलतियों की वजह से दोबारा हो रही परीक्षा

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 22 से 30 जून के बीच 87 विषयों के लिए UGC-NET जून 2026 की परीक्षा आयोजित की थी। यह परीक्षा जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF), असिस्टेंट प्रोफेसर की योग्यता और PhD प्रोग्राम में एडमिशन के लिए होती है। हालांकि, परीक्षा के बाद कई उम्मीदवारों ने प्रश्नपत्रों में गलतियों की शिकायत की थी।

इन शिकायतों के बाद NTA ने मामले की जांच के लिए एक कमेटी बनाई। NTA के मुताबिक, कमेटी ने पाया कि प्रश्नपत्रों में कई तथ्यात्मक, टाइपिंग और अनुवाद से जुड़ी गलतियां थीं। इनमें मशहूर विद्वानों के नाम गलत लिखे थे, किताबों के टाइटल सही नहीं थे, सवालों की भाषा में गड़बड़ी थी, व्याकरण की गलतियां थीं और यहां तक कि पिछले सालों के कई सवाल हूबहू दोहरा दिए गए थे। कमेटी की सिफारिशों के आधार पर ही NTA ने इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी, इन तीन विषयों की परीक्षा दोबारा कराने का आदेश दिया है।

UGC-NET री-एग्जाम का शेड्यूल

जारी किए गए शेड्यूल के मुताबिक, इंग्लिश का पेपर 9 सितंबर को पहली शिफ्ट (सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक) में होगा। कॉमर्स का पेपर 9 सितंबर को दूसरी शिफ्ट (दोपहर 3:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक) में होगा। वहीं, सोशियोलॉजी का पेपर 10 सितंबर को पहली शिफ्ट (सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक) में आयोजित किया जाएगा।