UP Chunav 2027: 'अगर सनातन सुरक्षित है, तो हम सब सुरक्षित हैं': UP CM योगी ने विपक्ष पर साधा निशाना
Published: Monday, July 20, 2026, 19:33 [IST]
UP CM Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी बिसात बिछाने में जुट गए हैं। आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी है। इसी बीच, यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने सोमवार (20 जुलाई) को कहा कि अगर सनातन सुरक्षित है, तो हम सब सुरक्षित हैं।
सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर ऐसे सेक्युलरिज्म (धर्मनिरपेक्षता) का पालन करने का आरोप लगाया, जो कब्रिस्तान के चारों ओर बाउंड्री वॉल बनाने को प्राथमिकता देता है। सीएम ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने मंदिरों को नजरअंदाज करते हुए कब्रिस्तान की बाउंड्री वॉल बनाने पर जनता का पैसा खर्च किया। उन्होंने दावा किया कि बाराबंकी के महादेव मंदिर, अयोध्या मंदिर या काशी विश्वनाथ मंदिर के लिए फंड नहीं दिया गया क्योंकि उन्हें 'सांप्रदायिक' करार दिया गया था। इस दौरान बाराबंकी को 542 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत वाली 82 विकास परियोजनाओं की सीएम ने सौगात दी।
सीएम योगी ने पिछली सरकारों को घेरा, सेक्युलरिज्म को जड़ को खत्म करना जरूरी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कब्रिस्तान के लिए बाउंड्री वॉल बनाना सेक्युलरिज्म का पैमाना बन गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के दौरान कांवड़ यात्रा, जन्माष्टमी समारोह, रामनवमी जुलूस और दुर्गा पूजा पंडालों पर रोक लगाना भी सेक्युलरिज्म की पहचान बन गया था। उन्होंने 'सुरक्षित भारत' बनाने के लिए 'इस तरह के सेक्युलरिज्म को जड़ से खत्म करने' का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमें इस तरह के सेक्युलरिज्म को जड़ से खत्म करना होगा और सनातन की मजबूत जमीन पर एक सुरक्षित भारत बनाने की दिशा में आगे बढ़ना होगा। हमें सुरक्षित भारत के लिए काम करना होगा।
पहले देसी पिस्तौल-बमों से दहशत, आज ब्रह्मोस मिसाइल दागी
मुख्यमंत्री ने लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइलों के उत्पादन पर भी जोर दिया और इसकी तुलना अतीत की कानून-व्यवस्था की स्थिति से की। उन्होंने कहा कि पहले व्यापारियों को लूटने के लिए देसी पिस्तौल और बमों का इस्तेमाल किया जाता था... आज लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइलें बन रही हैं। एक बार जब इसे दागा जाता है, तो पाकिस्तान से लेकर उसके आकाओं तक सबकी नींद उड़ जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा सरकार में 'बेटियां और व्यापारी दोनों सुरक्षित हैं'।
'सनातन के लिए समर्पित महान लोगों का सम्मान जरूरी'
देश के लिए योगदान देने वाले और खुद को सनातन (धर्म) के लिए समर्पित करने वाले महान लोगों का जिक्र करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि यह हमारा फर्ज है कि हम उन सभी महान हस्तियों का सम्मान करें, जिन्होंने देश के लिए योगदान दिया और खुद को सनातन के लिए समर्पित किया। हमें आज की पीढ़ी को उनकी महिमा और महानता के बारे में बताना चाहिए। हमें यह भी बताना चाहिए कि हमारा उज्ज्वल भविष्य सनातन की मजबूत नींव पर टिका है। हमारा भविष्य इस बात पर निर्भर करता है कि अगर सनातन सुरक्षित है, तो हम सब सुरक्षित हैं। और, अगर सनातन पर कोई ख़तरा आता है, तो कोई भी उससे बच नहीं पाएगा।