UP Cyber ​​Fraud: साइबर ठगों का नया हथकंडा! Loan का झांसा-बैंक खाते पर कब्जा, कैसे करते थे ठगी? 13 अरेस्ट

Time Published: Monday, July 13, 2026, 14:18 [IST]

UP Cyber ​​Fraud: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में साइबर जालसाजों का नेटवर्क ध्वस्त करते हुए पुलिस ने 13 आरोपियों को धर दबोचा। इनपर आरोप है कि यह गिरोह लोन दिलाने में मदद करने के बहाने उनके बैंक खातों और बैंकिंग से जुड़े दस्तावेजों पर कब्जा कर लिया था। आरोप है कि वे इन खातों का इस्तेमाल साइबर धोखाधड़ी से मिले पैसे के लेन-देन के लिए करते थे।

पुलिस अधीक्षक (SP) विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस ने पिछले चार दिनों में जिले में साइबर अपराध के चार मामले दर्ज किए हैं, जिसके बाद अलग-अलग अभियानों में कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी साइबर अपराधी बहराइच के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं। आइए विस्तार से जानते हैं कि कैसे करते थे साइबर जालसाज ठगी...

up-cyber-fraud

Loan Fraud Gang Busted: लोन दिलाने के नाम पर कैसे ठगते थे लोगों को?

शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी लोन दिलाने का वादा करके अनजान लोगों का भरोसा जीतते थे। अधिकारी ने बताया कि इसके बाद वे पीड़ितों के खातों से जुड़ी निजी चीजे जैसे ATM कार्ड, सिम कार्ड, चेक बुक और अन्य बैंकिंग जानकारी हासिल कर लेते थे। उन्होंने आगे बताया कि इन बैंक खातों और बैंकिंग साधनों का इस्तेमाल बाद में साइबर अपराध से मिले फंड को ट्रांसफर करने, निकालने और अन्य संदिग्ध वित्तीय लेन-देन करने के लिए किया जाता था।

Bahraich Cyber Crime: दो मामलों में 8 आरोपी अरेस्ट

श्रीवास्तव के अनुसार, 12 जुलाई को उपेंद्र सिंह (दरगाह शरीफ इलाके के निवासी) और शहाबुद्दीन (मोतीपुर थाना क्षेत्र के निवासी) द्वारा दर्ज कराए गए दो मामलों में, पुलिस ने साइबर सेल की मदद से उसी दिन (12 जुलाई) 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों की पहचान मोनू मौर्य, साहिल बेग, फहीम, सौरभ मिश्रा, नूर अहमद, मोहम्मद आमिर, शकील अहमद और संतोष सिंह के तौर पर हुई है। SP ने बताया कि इससे पहले, 9 और 10 जुलाई को कोतवाली देहात और कोतवाली नगर थानों में दर्ज दो ऐसे ही मामलों में 5 अन्य संदिग्धों को भी गिरफ्तार किया है।

ये मामले शिवराम शुक्ला और अनुपम पांडे की शिकायतों पर दर्ज किए गए थे। इन आरोपियों की पहचान आशीष कश्यप, निहाल शर्मा, रवि कुमार और शंभू सोनी (कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के निवासी) और अर्जुन सिंह (नानपारा थाना क्षेत्र के निवासी) के तौर पर हुई है।

Bahraich Police जांच में अब आगे क्या?

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों पर पीड़ितों को कानूनी मामलों में फंसाने और जान से मारने की धमकी देकर शिकायत दर्ज कराने से रोकने का भी आरोप है। SP ने कहा कि बैंक स्टेटमेंट, डिजिटल सबूत और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड के आधार पर फंड के प्रवाह की विस्तृत जांच चल रही है। गैंग से जुड़े अन्य संभावित साथियों, फायदा उठाने वाले बैंक खातों, साइबर नेटवर्क और संबंधित लोगों की भूमिकाओं की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और सबूतों के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

(PTI इनपुट के साथ)