UP OBC Scholarship 2026: यूपी में पिछड़ा वर्ग छात्रवृत्ति के लिए 11 अगस्त से शुरू होंगे आवेदन, जानिए पात्रता और अंतिम तिथि

एजुकेशन

  • Authored by: वर्षा कुशवाहा
  • Updated Aug 9, 2026, 07:30 PM IST

UP OBC Scholarship 2026: यूपी सरकार ने पिछड़ा वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्र-छात्राओं की शिक्षा की दिशा में बढ़ावा देने के लिए स्कॉलरशिप योजना की शुरुआत की गई है। इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह है कि वह समय रहते प्रक्रिया पूरी करें और योजना का लाभ प्राप्त करें।

Image

UP OBC Scholarship 2026 (Photo - AI)

UP OBC Scholarship 2026: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पिछड़ा वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्र-छात्राओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। राज्य के पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित कक्षा 9वीं, 10वीं और कक्षा 11वीं, 12वीं और उच्च शिक्षा के लिए स्कॉलरशिप एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 11 अगस्त 2026 से शुरू हो रही है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य गरीब परिवारों के मेधावी छात्रों को वित्तीय सहायता प्रदान करना है, ताकि उन्हें फीस और पढ़ाई के खर्चों के कारण अपनी शिक्षा बीच में न छोड़नी पड़े। छात्रों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की गई है। इस योजना के जरिए पिछले 9 वर्षों में करीब 22 करोड़ से अधिक छात्रों को आर्थिक सहायता मिल चुकी है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को पढ़ाई जारी रखने और उच्च शिक्षा हासिल करने का अवसर मिल रहा है।

2025-26 में 36 लाख से अधिक छात्रों को मिला था लाभ

योगी सरकार की छात्रवृत्ति योजना का व्यापक असर साल दर साल देखने को मिल रहा है। वर्ष 2025-26 में पिछड़ा वर्ग के 36 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता प्रदान की गई। पूर्वदशम यानी कक्षा 9 और 10 की छात्रवृत्ति योजना के तहत 8.88 लाख छात्रों के बैंक खातों में कुल 219.64 करोड़ रुपये की धनराशि भेजी गई थी। इस अवधि में दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना के तहत इंटरमीडिएट से लेकर उच्च शिक्षा तक के 27.86 लाख छात्रों को कुल 2882.02 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई थी।

आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को शिक्षा का सहारा

इस योजना का प्रमुख उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर देना है। योजना के तहत ऐसे विद्यार्थियों को लाभ दिया जाता है, जिससे अभिभावकों की वार्षिक आय 2 लाख रुपये या उससे कम है। छात्रवृत्ति की मदद से विद्यार्थियों को फीस, पाठ्यक्रम से जुड़े खर्च और पढ़ाई जारी रखने में आर्थिक सहारा मिलता है। सरकार ने छात्रवृत्ति वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने पर जोर दिया है।

पिछड़ा वर्ग कल्याण निदेशक उमेश प्रताप सिंह ने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए आवेदन प्रक्रिया 11 अगस्त से शुरू हो रही है। उन्होंने पात्र छात्रों से निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाया गया है तथा सत्यापन के बाद पात्र छात्रों के बैंक खातों में सीधे धनराशि भेजी जाती है।

Varsha Kushwaha

वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें

  • Hindi News
  • Education

End of Article