UPI से PF निकालने में अभी और लगेगा वक्त, जानें सरकार ने कितनी आगे बढ़ाई तारीख
देश के करोड़ों ईपीएफ (EPF) खाताधारकों के लिए UPI के माध्यम से PF क्लेम सेटलमेंट की सुविधा फिलहाल शुरू नहीं हो पाएगी. दरअसल सरकार की ओर से जुलाई महीने में ही ये सुविधा दी जाने वाली थी, लेकिन अब सरकार ने इसको लेकर तारीख आगे बढ़ा दी है. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने इस सुविधा की शुरुआत को कुछ समय के लिए टाल दिया है.
अब उम्मीद की जा रही है कि अगस्त 2026 में यह सेवा चरणबद्ध तरीके से शुरू की जाएगी. यह सुविधा कर्मचारियों के लिए PF का पैसा पहले से अधिक तेज और आसान तरीके से प्राप्त करने का विकल्प देने वाली थी.
तकनीकी समस्याओं ने बढ़ाई देरी
EPFO ने हाल ही में अपना नया डिजिटल प्लेटफॉर्म CITES 2.01 लॉन्च किया था. इस प्लेटफॉर्म के शुरू होने के बाद कई सदस्यों ने तकनीकी दिक्कतों की शिकायत की. कुछ उपयोगकर्ताओं को पुराने PF खातों की जानकारी दिखाई नहीं दे रही थी, जबकि कई लोगों को लॉगिन करने में परेशानी और पोर्टल के धीमे चलने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा.
इसके अलावा, कई मामलों में ऑनलाइन क्लेम प्रोसेसिंग की रफ्तार भी प्रभावित हुई. इन्हीं समस्याओं को देखते हुए EPFO ने पहले सिस्टम को पूरी तरह स्थिर बनाने का फैसला किया है.
अब कब शुरू हो सकती है नई सुविधा?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार EPFO का लक्ष्य अगस्त के पहले सप्ताह तक नई डिजिटल प्रणाली से जुड़ी प्रमुख तकनीकी खामियों को दूर करना है. इसके बाद UPI आधारित PF क्लेम सेटलमेंट सेवा को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा सकता है.
हालांकि, संगठन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक लॉन्च तारीख घोषित नहीं की गई है. ऐसे में कर्मचारियों को अंतिम घोषणा का इंतजार करना होगा.
कैसे काम करेगी UPI आधारित PF भुगतान व्यवस्था?
नई सुविधा लागू होने के बाद पात्र ईपीएफ सदस्य अपने PF क्लेम की राशि सीधे UPI से जुड़े बैंक खाते में प्राप्त कर सकेंगे. इससे भुगतान प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक तेज और सुविधाजनक होने की संभावना है. महत्वपूर्ण बात यह है कि मौजूदा NEFT भुगतान प्रणाली बंद नहीं होगी. कर्मचारियों के पास दोनों विकल्प उपलब्ध रहेंगे. वे अपनी सुविधा के अनुसार NEFT या फिर UPI दोनों में से कोई भी जरिया चुन सकते हैं.
कर्मचारियों को क्या होंगे बड़े फायदे?
UPI आधारित PF क्लेम सुविधा शुरू होने के बाद कर्मचारियों को कई अहम लाभ मिल सकते हैं.
- पात्र क्लेम की राशि तेजी से बैंक खाते में पहुंचेगी
- ऑनलाइन क्लेम प्रक्रिया पहले से अधिक सरल होगी
- बैंकिंग प्रक्रिया पर निर्भरता कम होगी
- डिजिटल सेवाओं की गति और पारदर्शिता बढ़ेगी
- भविष्य में पूरी क्लेम प्रक्रिया अधिक आधुनिक और सुविधाजनक बनने की संभावना है।
F&Q
Q. कौन कर रहा है इस सिस्टम को तैयार?
EPFO के डिजिटल आधुनिकीकरण कार्यक्रम EPFO 3.0 के तहत इस नई व्यवस्था को विकसित किया जा रहा है.
Q. परियोजना में तकनीकी सहयोगी कौन?
इस परियोजना में C-DAC तकनीकी सहयोगी की भूमिका निभा रहा है. वहीं State Bank of India (SBI) और National Payments Corporation of India (NPCI) के साथ API इंटीग्रेशन किया जा रहा है, ताकि UPI के माध्यम से सुरक्षित और तेज भुगतान सुनिश्चित किया जा सके.
Q. फिलहाल EPF सदस्य क्या करें?
जब तक UPI आधारित सेवा शुरू नहीं होती, तब तक कर्मचारी पहले की तरह ऑनलाइन PF क्लेम दाखिल कर सकते हैं. साथ ही यह सुनिश्चित करें कि उनका UAN, आधार, PAN, बैंक खाता और KYC विवरण पूरी तरह अपडेट हों.
Q. लागू होने पर क्या होगा फायदा?
इस नई सुविधा के लागू होने पर किसी तरह की देरी या तकनीकी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.
डिजिटल बदलाव की दिशा में अहम कदम
UPI के जरिए PF क्लेम सेटलमेंट की सुविधा फिलहाल कुछ समय के लिए टल गई है, लेकिन इसे EPFO की डिजिटल सेवाओं को अधिक आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है. तकनीकी समस्याएं दूर होने के बाद यह सुविधा करोड़ों कर्मचारियों के लिए PF भुगतान प्रक्रिया को अधिक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक बना सकती है. अब सभी की नजर EPFO की आधिकारिक घोषणा और अगस्त में संभावित लॉन्च पर टिकी हुई है.
यह भी पढ़ें - पीएफ खाते में क्रेडिट हुआ ब्याज का पैसा, अगर आपके अकाउंट में नहीं आया; तो घर बैठे तुरंत ऐसे दर्ज करें शिकायत