UPI से कमाई बढ़ी, फिर भी घाटे में रही PhonePe! कंपनी ने बताई बड़ी वजह

डिजिटल पेमेंट और फिनटेक कंपनी PhonePe ने वित्त वर्ष 2025-26 में अपनी परिचालन आय (Operational Revenue) में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की है. कंपनी की एकीकृत परिचालन आय 11.47% बढ़कर 7,920 करोड़ रुपये पहुंच गई. यह जानकारी कंपनी रजिस्ट्रार (RoC) के पास जमा किए गए दस्तावेजों से सामने आई है.

हालांकि, कमाई बढ़ने के बावजूद कंपनी को इस वित्त वर्ष में घाटे का सामना करना पड़ा. कुल एकीकृत शुद्ध घाटा 2,792 करोड़ रुपये रहा, जबकि सामान्य कारोबारी गतिविधियों के आधार पर कंपनी का शुद्ध घाटा 1,377 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.

UPI प्रोत्साहन राशि नहीं मिलने का असर

कंपनी ने बताया कि सरकार की ओर से वित्त वर्ष 2025-26 के लिए UPI डिजिटल प्रोत्साहन (Digital Incentive) की राशि अभी तक जारी नहीं की गई है. इसी वजह से इस मद से होने वाली आय को मौजूदा वित्त वर्ष के खातों में शामिल नहीं किया गया. PhonePe को उम्मीद है कि यह राशि अगले वित्त वर्ष यानी 2026-27 में मिलेगी और तब इसे कंपनी के वित्तीय नतीजों में शामिल किया जाएगा. इससे अगले साल के परिणाम बेहतर दिखाई दे सकते हैं.

एकमुश्त खर्चों ने बढ़ाया घाटा

कंपनी के अनुसार, इस साल के घाटे में कई ऐसे खर्च और आय भी शामिल हैं, जो नियमित कारोबार का हिस्सा नहीं हैं. इनमें कर्मचारियों को दिए जाने वाले ESOP (Employee Stock Option Plan) से जुड़ा एकमुश्त खर्च, कुछ परिसंपत्तियों के मूल्य में गैर-नकद (Non-Cash) कमी, एक सहयोगी कंपनी में आंशिक हिस्सेदारी बेचने से हुआ लाभ और बंद किए गए कारोबार से हुआ नुकसान शामिल है. इन विशेष मदों की वजह से कुल घाटा सामान्य कारोबारी घाटे की तुलना में काफी अधिक दिखाई दिया.

डिजिटल पेमेंट कारोबार में बनी हुई है मजबूत पकड़

विशेषज्ञों का मानना है कि परिचालन आय में दोहरे अंक की वृद्धि यह दिखाती है कि PhonePe का डिजिटल पेमेंट कारोबार लगातार मजबूत हो रहा है. अगर सरकार की ओर से UPI प्रोत्साहन राशि समय पर मिल जाती है, तो कंपनी के अगले वित्त वर्ष के नतीजों पर इसका सकारात्मक असर देखने को मिल सकता है.

फिलहाल, बढ़ती कमाई के बावजूद एकमुश्त खर्चों के कारण कंपनी का घाटा बढ़ा है. आने वाले समय में निवेशकों की नजर इस बात पर रहेगी कि PhonePe अपनी लागत को किस तरह नियंत्रित करती है और लाभप्रदता (Profitability) की दिशा में कितनी तेजी से आगे बढ़ती है.

कन्हैया पचौरी

कन्हैया पचौरी

कन्हैया पचौरी एक अनुभवी पत्रकार हैं जिन्हें प्रिंट, टीवी और ऑनलाइन मीडिया में 10 वर्षों का अनुभव है. उन्होंने प्रिंट पत्रकार के रूप में अपना करियर शुरू किया और पिछले कुछ वर्षों से उन्होंने टेक और ऑटो सेक्शन को कवर कर रहे हैं. वह टेक्नोलॉजी पर बारीकी से रिसर्च करते है और लेटेस्ट ट्रेंड्स और डेवलपमेंट्स पर नजर रखते हैं. वर्तमान में, कन्हैया टीवी9 के साथ जुड़े हुए हैं, यहां ये टेक और ऑटो सेक्शन कवर कर रहे हैं. उन्होंने इंडस्ट्री में लेटेस्ट डेवलपमेंट के गहन कवरेज करने को लेकर अपना नाम बनाया है. यूजर्स को किसी भी न्यूज की पूरी और सही जानकारी देने में तत्पर हैं. जब वह टेक्नोलॉजी पर काम नहीं कर रहे होते हैं तो अपने शौक पूरे करने में उन्हें अच्छा लगता है. उन्हें म्यूजिक सुनना और किताबें पढ़ना पसंद है. उनका मानना है कि काम में व्यस्त दिन के बाद म्यूजिक और किताबें आराम करने का एक शानदार तरीका है.

Read More

google button