UPITS 2026: ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक लगेगा चौथा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो, जापान, रूस, सिंगापुर, वियतनाम और ऑस्ट्रिया बने पार्टनर कंट्री - Haribhoomi

उत्तर प्रदेश के उत्पादों, निवेश और औद्योगिक विकास को वैश्विक बाजार से जोड़ने के लिए योगी सरकार की पहल पर चौथे 'यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026' का आयोजन 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में किया जा रहा है।

UP Trade Show 2026

उत्तर प्रदेश के उद्यमियों को वैश्विक बाजार की मांग से सीधे जोड़ने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक स्तर पर भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

  • Published: 17 Sep 2026, 04:38 PM IST
  • Last Updated: 17 Sep 2026, 04:38 PM IST

उत्तर प्रदेश को वैश्विक व्यापारिक नक्शे पर उभारने और राज्य के निर्यात को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने के उद्देश्य से ग्रेटर नोएडा में चौथा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 आयोजित होने जा रहा है। 25 से 29 सितंबर तक चलने वाले इस भव्य आयोजन के जरिए प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों, उत्पादों, एमएसएमई (MSME) इकाइयों, सरकारी विभागों और विकास प्राधिकरणों को दुनिया भर के खरीदारों और निवेशकों के सामने प्रदर्शित किया जाएगा।

खरीदारों का जबरदस्त उत्साह और पंजीकरण का लक्ष्य
इस अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में घरेलू और विदेशी खरीदारों का जबरदस्त रुझान देखने को मिल रहा है। घरेलू बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) खरीदारों के लिए अब तक 45,000 से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं और आयोजन तक यह संख्या 1.5 लाख से पार ले जाने का लक्ष्य रखा गया है।

अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की बात करें तो करीब 1,500 पंजीकरण प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 500 से अधिक खरीदारों को शॉर्टलिस्ट कर 300 से अधिक के यात्रा टिकट सुरक्षित किए जा चुके हैं।

जापान समेत पांच प्रमुख देश बने पार्टनर कंट्री
उत्तर प्रदेश के उद्यमियों को वैश्विक बाजार की मांग से सीधे जोड़ने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक स्तर पर भागीदारी सुनिश्चित की गई है। इस बार जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर और ऑस्ट्रिया जैसे देशों ने अपनी भागीदारी की पुष्टि कर दी है और वे पार्टनर कंट्री के रूप में शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त थाईलैंड की भागीदारी पर भी निर्णय प्रतीक्षित है।

36,500 वर्गमीटर का विशाल प्रदर्शनी क्षेत्र बुक
ट्रेड शो को भव्य रूप देने के लिए इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 36,500 वर्गमीटर का विशाल प्रदर्शनी क्षेत्र पहले ही बुक किया जा चुका है। इसके अलावा लगभग 1,000 वर्गमीटर अतिरिक्त स्थान की बुकिंग भी प्रस्तावित है। इस प्रदर्शनी का मुख्य विषय यूपी के उत्पादों, निवेश की संभावनाओं और औद्योगिक आधारभूत ढांचे को एक ही मंच पर लाना है।

ज्ञान सत्र और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन
व्यापार और उद्योग के अलावा यह आयोजन उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी प्रदर्शित करेगा। मेले के दौरान 20 नॉलेज सेशन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें उद्योग विशेषज्ञों द्वारा निर्यात और नई तकनीकों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही 25 सांस्कृतिक कार्यक्रमों के स्लॉट तय किए गए हैं।

25 सितंबर की सुबह उद्घाटन समारोह आयोजित होगा, जबकि 29 सितंबर को दोपहर 12 से 1 बजे के बीच समापन व पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें यूपी पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत की प्रस्तुति प्रस्तावित है।