UPPSC ने पीसीएस मेन्स 2025 रिजल्ट किया जारी, 2297 कैंडिडेट्स इंटरव्यू के लिए सिलेक्ट

UPPSC ने जारी किया रिजल्ट
उत्तर प्रदेश में प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा (PCS) 2025 मेन्स (लिखित) परीक्षा देने वाले कैंडिडेट्स के लिए बड़ा अपडेट है. उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने PCS 2025 मेन्स (लिखित) परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है. इसमें 2,297 कैंडिडेट्स सफल हुए हैं, जिन्हें अब UPPSC इंटरव्यू के लिए बुलाएगा. इंटरव्यू के बाद फाइनल मेरिट तैयार होगी, जिसके बाद फाइनल रिजल्ट जारी किया जाएगा.
आइए, इस पर विस्तार से बात करते हैं, जानते हैं कि UPPSC PCS 2025 मेन्स (लिखित) परीक्षा में कितने कैंडिडेट्स शामिल हुए थे. जानेंगे कि कितने पदों पर भर्ती की जानी है.
10 हजार से ज्यादा कैंडिडेट्स ने दिया था PCS 2025 मेन्स
UPPSC PCS 2025 मेन्स (लिखित) परीक्षा का आयोजन 29 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक किया गया था. प्रयागराज और लखनऊ के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर UPPSC PCS 2025 मेन्स (लिखित) परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसमें 10,284 कैंडिडेट्स शामिल हुए थे. इसमें 2,297 कैंडिडेट्स लिखित परीक्षा में सफल हुए हैं, जो अब इंटरव्यू में शामिल होंगे.
नंबर और कटऑफ फाइनल रिजल्ट के बाद जारी होगी. UPPSC सचिव गिरिजेश त्यागी ने जानकारी देते हुए बताया है कि परीक्षा में शामिल कैंडिडेट्स के प्राप्तांक, कट ऑफ आदि की जानकारी इंटरव्यू के बाद फाइनल रिजल्ट जारी होने के उपरांत जारी की जाएगी
814 पदों पर भर्ती
UPPSC ने प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा (PCS) 2025 के तहत कुल 814 पदों पर भर्ती कर रहा है. इसमें कुल 28 प्रकार के पद भरे जाने हैं. विज्ञापन के अनुसार एक प्रकार के पद की दो रिक्तियों पर चयन केवल लिखित परीक्षा के आधार पर होना है. यानी कि इनके लिए इंंटरव्यू नहीं होगा, लेकिन बाकी का फाइनल रिजल्ट जारी होने के बाद इन पदों पर सिलेक्ट हुए कैंडिडेट्स का रिजल्ट जारी किया जाएगा.
कोर्ट निर्णय के अधीन रहेगा रिजल्ट
UPPSC ने स्पष्ट किया है कि PCS 2025 मेन्स (लिखित) परीक्षा का रिजल्ट कोर्ट के निर्णय के अधीन रहेगा. UPPSC ने बताया है कि इलाहाबाद हाईकोर्ट में दाखिल रिट याचिका संख्या-4253/2026 और अर्चित शिवम मिश्रा बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य मामले लंबित हैं. इन मामलों में होने वाले कोर्ट निर्णय के अधीन रिजल्ट रहेगा.
इंटरव्यू का शेड्यूल जल्द होगा जारी
UPPSC PCS 2025 मेन्स (लिखित) परीक्षा रिजल्ट जारी होने के बाद कैंडिडेट्स को अब इंटरव्यू का इंतजार है. माना जा रहा है कि UPPSC जल्द ही इंटरव्यू का शेड्यूल जारी कर देगा. दिसंबर से पहले नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने की संभावना है.

मनीष वर्मा
मनीष वर्मा 21 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वो IBN7, न्यूज़ एक्सप्रेस, नेशनल वॉयस, MH-1 न्यूज़ चैनल तथा न्यूज़-ट्रैक , इंडियन ओपिनियन में काम कर चुके हैं. मुख्य रूप से 'बुंदेलखंड की भूख- अवार्डेड स्टोरी ऑफ IBN7', चार महाकुम्भ/अर्धकुंभ (2001, 2007, 2013, 2019), महेश योगी समाधि का अंतराष्ट्रीय कार्यक्रम, कुख्यात डकैत ददुआ एनकाउंटर, कुख्यात डकैत ठोकिया द्वारा 7 जवानों की नृशंस हत्या की स्पेशल कवरेज कर चुके हैं.
Read More