UPSC CAPF Result 2025: यूपीएससी असिस्टेंट कमांडेंट फाइनल रिजल्ट जारी, 350 हुए सफल, यहां देखें टॉपर्स की लिस्ट
UPSC CAPF Result 2025: यूपीएससी ने CAPF असिस्टेंट कमांडेंट 2025 का फाइनल रिजल्ट घोषित कर दिया ह, जिसमें 350 उम्मीदवार सफल हुए हैं।
UPSC CAPF Result 2025: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेज (CAPF) 2025 के असिस्टेंट कमांडेंट पदों के लिए अपना फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। अगर आपने भी ये परीक्षा दी थी या आपका कोई अपना इस रेस में शामिल था तो बिना देर किए यूपीएससी की ऑफिशियल वेबसाइट upsc.gov.in पर जाकर नतीजों की पीडीएफ चेक कर सकते हैं। आयोग की तरफ से जारी की गई आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, इस साल कुल 350 उम्मीदवारों ने बाजी मारी है और असिस्टेंट कमांडेंट बनने का अपना ख्वाब पूरा कर लिया है। हालांकि, सरकारी कागज में ये भी साफ किया गया है कि किसी तकनीकी वजह से एक उम्मीदवार का रिजल्ट अभी रोक कर रखा गया है।
आपको बता दें कि असिस्टेंट कमांडेंट (ग्रुप A) का ओहदा बहुत बड़ी जिम्मेदारी वाला होता है। जिन 350 होनहारों का सिलेक्शन हुआ है, उन्हें देश की अलग-अलग अहम सुरक्षा बलों में सीधे ऑफिसर के तौर पर तैनात किया जाएगा। इनमें बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF), सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF), सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (CISF), इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस (ITBP) और सशस्त्र सीमा बल (SSB) शामिल हैं।
सरकार ने शुरुआत में कुल 432 खाली पदों पर भर्ती निकालने का ऐलान किया था। BSF सरहदों पर दुश्मनों से लोहा लेती है, तो वहीं CRPF देश के अंदरुनी हालात और नक्सल प्रभावित इलाकों में शांति बनाए रखने का काम करती है। CISF हमारे देश के बड़े कारखानों, एयरपोर्ट्स की सुरक्षा का जिम्मा संभालती है, जबकि ITBP के जवान बर्फीली पहाड़ियों पर डटे रहते हैं और SSB नेपाल भूटान बॉर्डर पर कड़ी निगहबानी करती है।
टॉपर्स लिस्ट में कौन
अब बात करते हैं उन सितारों की, जिन्होंने इस परीक्षा में टॉप करके सबका ध्यान अपनी तरफ खींच लिया है। इस बार शीर्षू देब ने पूरे देश में पहला मुकाम हासिल किया है। शीर्षू का कुल स्कोर 345 रहा, जो अपने आप में एक मिसाल है। अगर उनके नंबरों को थोड़ा करीब से देखें, तो पता चलता है कि उन्होंने लिखित परीक्षा में 225 नंबर बटोरे, लेकिन उनका असली कमाल इंटरव्यू राउंड में दिखा। पर्सनैलिटी टेस्ट (इंटरव्यू) में उन्हें 150 में से पूरे 120 नंबर मिले हैं। इतने बेहतरीन नंबर इस बात का सबूत हैं कि उनकी हाजिरजवाबी और उनका आत्मविश्वास किस दर्जे का रहा होगा।
वहीं, दूसरे नंबर पर आर्यन श्योराण ने अपनी जगह पक्की की है। आर्यन का कुल स्कोर 600 में से 339 रहा। दिलचस्प बात ये है कि लिखित परीक्षा में आर्यन के नंबर (229) टॉपर शीर्षू से भी ज्यादा थे। लेकिन पर्सनैलिटी टेस्ट में उन्हें 110 नंबर मिले, जिसकी वजह से वो दूसरे पायदान पर रहे। टॉप 10 उम्मीदवारों की पूरी लिस्ट यूपीएससी की वेबसाइट पर मौजूद है, जिसे देखकर आप अंदाजा लगा सकते हैं कि इस बार मुकाबला कितना कांटे का था।
126 उम्मीदवारों का रिजल्ट प्रोविजनल
आयोग ने रिजल्ट के साथ एक बेहद जरूरी बात और साफ की है। सिलेक्ट हुए 350 लोगों की लिस्ट में से 126 उम्मीदवारों की उम्मीदवारी को अभी 'प्रोविजनल' यानी अस्थायी रखा गया है। इसका सीधा सा मतलब ये होता है कि इन उम्मीदवारों के कुछ कागजात या दस्तावेजों की जांच अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुई है। घबराने की कोई बात नहीं है, जैसे ही उनकी वेरिफिकेशन का काम पूरा हो जाएगा, उनका नाम भी पक्की लिस्ट में दर्ज कर लिया जाएगा।