Vikas Vaibhav IPS Gaya: स्कूल में ‘बिहारी’ कहकर चिढ़ाते थे, बिहार बदलने के इरादे से क्रैक किया UPSC, मजेदार है इस IPS की कहानी
Vikas Vaibhav IPS Gaya: गया जी में पितृपक्ष मेला की तैयारी को लेकर एक बार फिर फेमस IPS विकास वैभव चर्चा में हैं. फिलहाल विकास वैभव मगध रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) के पद पर हैं. उन्होंने मीडिया से बातचीत में बताया कि पितृपक्ष मेला को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है. श्रद्धालुओं की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर भी तैयार किए गए हैं.
विकास वैभव की पहचान सिर्फ एक पुलिस ऑफिसर के रूप में ही नहीं है, एक आम स्टूडेंटस से UPSC तक का उनका सफर काफी दिलचस्प रहा है. हमेशा से बिहार को लेकर कुछ करने की भावना ने हीं उन्हें इस सफलता तक पहुंचाया है. आइए जानते हैं उनके शुरुआती जीवन और IPS बनने तक का सफर.
मूल रूप से बेगूसराय के रहने वाले हैं
विकास वैभव मूल रूप से बिहार के बेगूसराय जिले के रहने वाले हैं. उनके पिता इंडियन ऑयल में काम करते थे. नौकरी की वजह से परिवार को अलग-अलग जगहों पर रहना पड़ा. इसी कारण विकास वैभव की पढ़ाई भी अलग-अलग शहरों में हुई.
उनके शुरुआती दिन गुवाहाटी में बीते. स्कूल में पढ़ाई के दौरान जब एक क्लास में प्रथम आए, तो उनके मन में हमेशा अच्छा प्रदर्शन करने और प्रथम स्थान हासिल करने की लालसा पैदा हुई.
ये भी पढ़ें: जमुई की संस्कृति को UPSC में रैंक 17, बनीं यूपी में IAS
स्कूल में बिहारी कहकर चिढ़ाते थे दोस्त-यार
पिता की पोस्टिंग के दौरान परिवार भोपाल में भी रहा. यहां पढ़ाई के दौरान जब दूसरे बच्चे उन्हें बिहारी के नाम से चिढ़ाते थे तो उनके मन में बिहार को लेकर एक अलग भावना पैदा हुई.
उन्होंने हमेशा इस बात पर जोर दिया आखिर क्यों बिहार जैसा समृद्धि राज्य विकास के मामले में पीछे रह गया. फिर उनके मन में विचार आया कि बिहार को बदलने के लिए कुछ करना है. और इसी चाह ने उन्हें आगे चलकर सिविल सेवा से जोड़ा.
JEE Advanced पास कर IIT Kanpur पहुंचे
विकास वैभव ने JEE Advanced परीक्षा पास की और देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIT Kanpur में एडमिशन लिया. उन्होंने यहां से BTech की पढ़ाई पूरी की.
साल 1997 में उन्होंने IIT की परीक्षा दी थी. उस समय पेपर लीक होने की घटना भी सामने आई थी. हालांकि इन मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद उनके मन में बिहार के लिए कुछ करने की भावना बनी रही.
IIT Kanpur पहुंचने के बाद उन्होंने देखा कि अन्य स्टूडेंट्स अच्छी सैलरी और विदेश जाने का सपना देख रहे हैं, लेकिन उन्हें बिहार के लिए कुछ करना था. यही कारण है कि उन्होंने BTech के साथ ही UPSC की परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी.
पहली कोशिश में नहीं आया इंटरव्यू कॉल
UPSC सिविल सेवा परीक्षा के सफर में उन्हें पहली कोशिश में सफलता नहीं मिली. पहली बार परीक्षा देने के बाद उन्हें इंटरव्यू के लिए कॉल नहीं आया. लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी तैयारी जारी रखी.
दूसरी कोशिश में उन्होंने UPSC परीक्षा पास कर ली. इस परीक्षा में उन्हें ऑल इंडिया 60वीं रैंक हासिल हुई. इसके बाद उन्हें बिहार कैडर मिला.

बिहार कैडर मिलना उनके लिए खास था, क्योंकि जिस बिहार के लिए कुछ करने का सपना उन्होंने बचपन में देखा था, अब उसी राज्य में बतौर IPS अधिकारी काम करने का मौका मिल चुका था.
विकास वैभव से जब हमने पूछा कि आपने उस दौर में बिहार में काम किया है, जब मूलभूत सुविधाओं की कमी थी. अब बिहार बदल रहा है, लेकिन आगे भी कई परिवर्तन होने को हैं. आप इसे कैसे देखते हैं.
तो उन्होंने कहा
बिहार बदल रहा है परंतु विकसित भारत के लक्ष्य के लिए और तीव्रता के साथ बदलना होगा. जाति-संप्रदाय, लिंगभेद और विचारधारात्मक मतभेदों से ऊपर उठकर समाज को शिक्षा एवं उद्यमिता की क्रांति लाने के लिए प्रयास करना होगा.
कई जिलों में संभाली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
IPS बनने के बाद विकास वैभव ने बिहार के कई जिलों और महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी संभाली. पटना, भागलपुर, रोहतास और दरभंगा समेत कई जगहों पर उन्होंने काम किया.
आज वे मगध रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. पितृपक्ष मेला 2026 की तैयारियों को लेकर भी वे गया जी में प्रशासन और पुलिस की तैयारियों की निगरानी से जुड़े हैं.
ये भी पढ़ें: जमुई की पहली महिला SDPO, UPSC में रैंक 184वीं, जानिए कौन हैं IPS दीप्ति मोनाली