US-ईरान के बीच आज नहीं चली मिसाइलें, तो शेयर बाजार ने भी लगा दी दौड़, सेंसेक्स-निफ्टी ग्रीन
शेयर बाजार में जारी गिरावट पर गुरुवार को ब्रेक लग गया. अमेरिका-ईरान के बीच युद्ध थमने और मिसाइल अटैक की नई खबर नहीं आई, तो अचानक शेयर मार्केट ने पलटी मार दी. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स जहां 350 अंक के आसपास उछलकर कारोबार करता दिखा, तो वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी ग्रीन जोन में ट्रेड कर रहा था. इस बीच बाजार में लौटी तेजी को बैंकिंग स्टॉक सपोर्ट करते दिखे. HDFC Bank, ICICI Bank से लेकर SBI तक के स्टॉक तेज रफ्तार से भागते नजर आए.
सेंसेक्स-निफ्टी की गिरावट पर ब्रेक
शेयर मार्केट में इस सप्ताह की शुरुआत से ही गिरावट का जो सिलसिला शुरू हुआ, बुधवार तक लगातार तीन दिन जारी रहा. लेकिन गरुवार को सेंसेक्स-निफ्टी दोनों इंडेक्स ने जोरदार शुरुआत की. बीएसई का सेंसेक्स अपने पिछले बंद 76,570 की तुलना में 76,725 पर ओपन हुआ और अचानक तेज रफ्तार के साथ भागते हुए 354 अंक चढ़कर 76,924 पर जा पहुंचा.
सेंसेक्स की तरह ही निफ्टी इंडेक्स भी अपने पिछले बंद 23,914 की तुलना में मामूली बढ़त के साथ 23,997 के स्तर पर खुला और फिर इसकी रफ्तार भी अचानक तेज हो गई. खबर लिखे जाने तक ये 50 शेयरों वाला इंडेक्स 24,000 के पार कारोबार कर रहा था.
सम्बंधित ख़बरें
अचानक क्यों बदला बाजार का मूड?
गुरुवार को शेयर बाजार के पलटी मारने के पीछे के बड़े कारणों की बात करें, तो अमेरिका-ईरान के बीच जारी हमलों पर ब्रेक लगने से कच्चे तेल की कीमतों में मामूली गिरावट आई, जिससे मार्केट में अचानक उछाल देखने को मिला है. ब्रेंट क्रूड गिरकर 95 डॉलर पर आ गया. इसके साथ ही FII की लगातार जारी खरीदारी ने भी बाजार को सपोर्ट दिया है. तीसरी कारण एशियाई शेयर बाजारों में तेजी है, जिससे भारतीय मार्केट का सेंटीमेंट सुधरा.
बैंकिंग शेयरों ने दिखाया दम
शेयर बाजार में लौटी तेजी के बीच जिन शेयरों ने अपना दमखम दिखाया, उनमें टॉप पर बैंकिंग स्टॉक रहे. BSE लार्जकैप में शुरुआती कारोबार से ही HDFC Bank Share, SBI Share, ICICI Bank Share, Axis Bank Share 1-2% की तेजी लेकर कारोबार कर रहे थे. इसके अलावा Adani Ports, Eternal Share भी ग्रीन जोन में नजर आया.
अन्य स्टॉक्स में मिडकैप कैटेगरी में शामिल GVT&D Share (2.40%), MFSL Share (2.20%), Godrej Properties (2.25%) और Suzlon Share (1.50%) की तेजी लेकर कारोबार कर रहे थे.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)
---- समाप्त ----
ये भी देखें
