US में सॉफ्टवेयर स्टॉक्स की जोरदार उड़ान से भारतीय IT सेक्टर में हलचल, Nifty IT इंडेक्स करीब 3% उछला
IT Stocks Today: घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार, 28 जुलाई को IT सेक्टर में जोरदार खरीदारी देखने को मिल रही है. टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज यानी TCS, इन्फोसिस, HCLTech, विप्रो, टेक महिंद्रा और कोफोर्ज जैसी दिग्गज कंपनियां तेजी के साथ कारोबार करती दिखी. इस तेजी की बड़ी वजह अमेरिकी बाजार में IT सर्विसेज और सॉफ्टवेयर कंपनियों के शेयरों में आया भारी उछाल है, जिससे ग्लोबल टेक सेक्टर को लेकर निवेशकों का भरोसा बढ़ा है.
US में सेमीकंडक्टर से सॉफ्टवेयर की तरफ क्यों पलटा पैसा?
अमेरिकी बाजार में एक अहम ट्रेंड देखने को मिला. सॉफ्टवेयर और आईटी सर्विसेज स्टॉक्स ने हार्डवेयर और सेमीकंडक्टर शेयरों को पीछे छोड़ दिया. जहां एप्लीकेशन सॉफ्टवेयर और IT सर्विसेज कंपनियों में जोरदार खरीदारी हुई, वहीं बड़े चिपमेकर्स में तेज गिरावट देखने को मिली. इससे सॉफ्टवेयर स्टॉक्स ने फिलाडेल्फिया सेमीकंडक्टर इंडेक्स यानी SOX को बड़े अंतर से पछाड़ दिया.
यह मार्केट रोटेशन यानी ऊंचे भाव वाले हार्डवेयर और सेमीकंडक्टर शेयरों से निकलकर सॉफ्टवेयर और सर्विसेज में पैसा लगाना भारतीय IT शेयरों के लिए एक मजबूत पॉजिटिव संकेत बना. ग्लोबल IT पीयर्स में गार्टनर 5%, एक्सेंचर 4.8%, EPAM सिस्टम्स 4.8%, ग्लोबैंट 4% और कॉग्निजेंट 3.5% चढ़े. इस व्यापक तेजी ने निवेशकों को टेक स्पेंडिंग में स्थिरता का भरोसा दिलाया, जिसका सीधा फायदा उन भारतीय IT कंपनियों को मिला जो अपना बड़ा हिस्सा उत्तरी अमेरिका और यूरोप से कमाती हैं.
यह भी पढ़ें- Stock Market Today: गिरावट के बाद शेयर बाजार में लौटी तेजी, सेंसेक्स 140 अंक चढ़ा, निफ्टी में भी मामूली उछाल
Nifty IT 3% उछला, लगातार दूसरे दिन बढ़त
पॉजिटिव ग्लोबल संकेतों के दम पर Nifty IT इंडेक्स करीब 3% उछलकर 29,535.20 के इंट्राडे हाई पर पहुंच गया. यह लगातार दूसरा कारोबारी सत्र है जब इंडेक्स ने बढ़त दर्ज की. इससे पहले के सत्र में भी इंडेक्स करीब 1% की बढ़त के साथ बंद हुआ था. Nifty IT के सभी 10 शेयर हरे निशान में कारोबार करते दिखे, जो तेजी की व्यापकता को दर्शाता है.
शेयरवार बात करें तो कोफोर्ज सबसे आगे रहा और करीब 7 प्रतिशत की जोरदार उछाल के साथ टॉप गेनर बना. Mphasis करीब 5% चढ़ा. LTIMindtree, Persistent Systems, Tech Mahindra, TCS और Infosys सभी 2.5% से अधिक की बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे. L&T Technology Services यानी LTTS, HCLTech और Wipro में भी 1 से 2% के बीच की अच्छी बढ़त देखने को मिली.
आगे क्या होगा IT सेक्टर में?
ग्लोबल बाजार में सेमीकंडक्टर के मुकाबले आईटी सर्विसेज की बेहतर परफॉर्मेंस एक अहम बदलाव की तरफ इशारा करती है. पिछली कुछ तिमाहियों में ग्लोबल निवेशकों का झुकाव आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के इंफ्रास्ट्रक्चर बिल्डआउट से जुड़े सेमीकंडक्टर और हार्डवेयर शेयरों की तरफ ज्यादा था. लेकिन अब जब चिपमेकर्स की वैल्यूएशन काफी खिंच गई है. ध्यान धीरे-धीरे आईटी सर्विसेज, सॉफ्टवेयर इंटीग्रेशन और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन की तरफ लौट रहा है.
क्या भारतीय IT कंपनियों के लिए यह पॉजिटिव संकेत है?
एप्लीकेशन डेवलपमेंट, क्लाउड माइग्रेशन, साइबरसिक्योरिटी और एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर मैनेजमेंट में माहिर भारतीय IT कंपनियों के लिए यह रोटेशन एक बड़ा पॉजिटिव है. एक्सेंचर और कॉग्निजेंट जैसी ग्लोबल कंपनियों में बेहतर सेंटीमेंट अक्सर Fortune 500 क्लाइंट्स के डिस्क्रिशनरी IT बजट में स्थिरता का शुरुआती संकेत माना जाता है. आर्थिक अनिश्चितता और लंबे डील-कन्वर्जन साइकल की वजह से भारतीय आईटी सेक्टर पर पिछले काफी समय से दबाव था. लेकिन Nifty IT इंडेक्स में लगातार 2 दिन की इस तेज बढ़त से साफ लग रहा है कि निवेशक आने वाली तिमाहियों में टेक स्पेंडिंग में धीरे-धीरे सुधार की उम्मीद लगाने लगे हैं.
यह भी पढ़ें- Petrol Diesel Price: कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट, जानें आपके शहर में कितने बदले पेट्रोल-डीजल के दाम?
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए दी गई है और इसे निवेश की सलाह नहीं माना जाना चाहिए. किसी भी निवेश फैसले से पहले कृपया अपने फाइनेंशियल एडवाइजर से सलाह लें.