Vande Mataram Row: 'सोनिया-राहुल ने किया वंदे मातरम् का अपमान, देश से मांगें माफी', CM मोहन यादव का कांग्रेस पर हमला
देश
- Edited by: पीयूष कुमार
- Updated Aug 16, 2026, 08:40 AM IST
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस के कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम्’ को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच सियासी विवाद तेज हो गया है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे पर राष्ट्रगीत के कथित अपमान का आरोप लगाते हुए माफी मांगने की मांग की है। वहीं, कांग्रेस ने बीजेपी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि ‘वंदे मातरम्’ का गायन बीच में नहीं रोका गया।
![]()
मोहन यादव का कांग्रेस पर बड़ा हमला। सोनिया-राहुल से माफी की मांग। ANI
Photo :
ANI
Vande Mataram Row: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस के कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम्’ के गायन को लेकर सियासी विवाद बढ़ता जा रहा है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के कथित अपमान का आरोप लगाया है। उन्होंने इस मामले में कांग्रेस नेताओं से देश से माफी मांगने की मांग की है।
‘वंदे मातरम्’ के अपमान का आरोप
सीएम मोहन यादव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान ‘वंदे मातरम्’ के गायन में व्यवधान डाला गया और राष्ट्रगीत का अपमान हुआ। उन्होंने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई के दौरान ‘वंदे मातरम्’ स्वतंत्रता सेनानियों के लिए प्रेरणा और संघर्ष का प्रमुख गीत रहा है। मोहन यादव ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने देश की आजादी के लिए बलिदान देते समय ‘वंदे मातरम्’ को नारे और गीत के रूप में अपनाया था। ऐसे में राष्ट्रगीत का अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
सोनिया-राहुल से माफी की मांग
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं राहुल गांधी और सोनिया गांधी को इस मामले में देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि कांग्रेस नेता अपनी गलती स्वीकार करेंगे और जल्द ही राष्ट्र से माफी मांगेंगे।
बीजेपी के आरोपों को कांग्रेस ने बताया गलत
बीजेपी की ओर से आरोप लगाया गया है कि कांग्रेस के स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘वंदे मातरम्’ के प्रति अनादर दिखाया। बीजेपी नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि सोनिया गांधी ने ‘वंदे मातरम्’ के पूर्ण संस्करण के गायन पर आपत्ति जताई। हालांकि, कांग्रेस ने बीजेपी के इन आरोपों को खारिज किया है। पार्टी का कहना है कि कार्यक्रम से जुड़ी घटना को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस दफ्तर में 'वंदे मातरम' का अपमान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष खरगे काफी देर से खड़े थे, इस पर सोनिया गांधी को लगा कि इतनी देर तक उन्हें खड़ा नहीं होना चाहिए, इसलिए कांग्रेस अध्यक्ष के लिए वह कुर्सी मंगाना चाहती थीं जिसे खरगे ने मना कर दिया। खरगे ने कहा कि खड़े होने में उन्हें कोई दिक्कत नहीं है। 'वंदे मातरम' का गायन बीच में नहीं रोका गया।
मोहन यादव ने यह भी कहा कि संसद ने पिछले महीने ऐसा विधेयक पारित किया है, जिसके तहत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के अपमान को दंडनीय अपराध बनाया गया है। इस कानून के तहत ‘वंदे मातरम्’ को राष्ट्रीय गान ‘जन गण मन’ के समान दर्जा दिया गया है
![]()
पीयूष कुमारauthor
पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।
और पढ़ें
- Hindi News
- India
End of Article