पप्पू यादव की 'सद्बुद्धि' के लिए मुजफ्फरपुर में हवन: बाबा गरीबनाथ धाम में VHP-बजरंग दल ने जताया विरोध, सनातन धर्म पर टिप्पणी का आरोप लगाकर किया प्रदर्शन - Muzaffarpur News

मुजफ्फरपुर14 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक
विश्व हिंदू परिषद के जिला संयोजक कुणाल सिंह ने कहा कि सांसद के विरोध प्रदर्शन से देशभर के हिंदुओं में आक्रोश है। - Dainik Bhaskar

विश्व हिंदू परिषद के जिला संयोजक कुणाल सिंह ने कहा कि सांसद के विरोध प्रदर्शन से देशभर के हिंदुओं में आक्रोश है।

पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की ओर से संतों और सनातन धर्म को लेकर दिए गए बयान और विरोध प्रदर्शन के खिलाफ शनिवार को मुजफ्फरपुर के बाबा गरीबनाथ धाम मंदिर में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।

कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर में हवन-यज्ञ और पूजा-अर्चना कर भगवान से सांसद को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की। इस दौरान बड़ी संख्या में हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदूवादी संगठनों का कहना है कि सनातन धर्म, संत-महात्माओं और धार्मिक परंपराओं पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक टिप्पणी स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने वाले बयानों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रहेगा।

पप्पू यादव को सद्बुद्धि देने के लिए मंदिर में पूजा अर्चना करते विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ता।

पप्पू यादव को सद्बुद्धि देने के लिए मंदिर में पूजा अर्चना करते विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ता।

पप्पू यादव के प्रदर्शन पर जताई नाराजगी

गौरतलब है कि शुक्रवार को पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने दिल्ली में संत के वेश में विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान उन्होंने हाथ में भगवान राम की तस्वीर लेकर कहा था कि कुछ लोग संत के नाम पर अपराध कर रहे हैं और धर्म की आड़ में गलत कार्यों को अंजाम दे रहे हैं। उनके इसी प्रदर्शन और बयान को लेकर विभिन्न हिंदू संगठनों ने आपत्ति जताई है।

संसद के बाहर भगवा वेश में बैठे पप्पू यादव।

संसद के बाहर भगवा वेश में बैठे पप्पू यादव।

भगवान उन्हें सद्बुद्धि दें’

विश्व हिंदू परिषद के उत्तर बिहार प्रांत अध्यक्ष संजीव कुमार ने कहा कि जिस प्रकार से संतों का वेश धारण कर हिंदू धर्म और साधु-संतों को लेकर टिप्पणी की गई, उससे करोड़ों हिंदुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि इसी के विरोध में बाबा गरीबनाथ धाम में सद्बुद्धि हवन का आयोजन किया गया है, ताकि भगवान उन्हें सही मार्ग दिखाएं।

वहीं, विश्व हिंदू परिषद के जिला संयोजक कुणाल सिंह ने कहा कि सांसद के विरोध प्रदर्शन से देशभर के हिंदुओं में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज अपनी आस्था और संत परंपरा का अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेगा। इसी भावना के तहत बाबा गरीबनाथ धाम में हवन-यज्ञ कर भगवान से सद्बुद्धि की प्रार्थना की गई।

शांतिपूर्ण तरीके से किया विरोध

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-यज्ञ किया और शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी यदि सनातन धर्म और संत समाज के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी की जाएगी तो लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जारी रहेगा।

.