ड्यूटी से लौट रहे सरकारी टीचर के हाथ-पैर तोड़े, VIDEO: उधार दिए रुपए वापस मांगे तो रिश्तेदारों ने हमला किया; हॉस्पिटल में इलाज जारी - Barmer News
बाड़मेर में उधारी के रुपए मांगने पर रिश्तेदारों ने सरकारी स्कूल में ड्यूटी कर लौट रहे टीचर पर हमला कर दिया, जिसमें हाथ-पैरों की हड्डियों तक टूट गई।
.
घेरकर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किया, जिसमें टीचर के कंधे, दोनों पैरों, कोहनी और पीठ की हड्डियां कई जगह से टूट गई। वे खून से लथपथ होकर बेहोश हो गए, जिसके बाद आरोपी उन्हें छोड़कर फरार हो गए।
पूरी घटना वहां लगी एक दुकान के CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो मंगलवार को सामने आया है।
घटना जिले के धनाऊ थाना क्षेत्र में 'वादिया की धोरे' के पास 7 अगस्त को दोपहर करीब डेढ़ बजे हुई।
धनाऊ थानाधिकारी दीपसिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा है, जिसकी जांच की जा रही है।
पहले देखिए- टीचर पर हमले की 2 तस्वीरें

तीन हमलावरों ने सरकारी टीचर को घेर लिया और फिर लाठी-डंडों के साथ धारदार हथियारों से मारपीट की।

हमले में सरकारी टीचर के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आई हैं।
धोरों में से आए हमलावर, ताबड़तोड़ वार किए धनाऊ क्षेत्र के कितनोरिया निवासी आमिर खान ने पुलिस को सौंपी रिपोर्ट में बताया कि उनके पिता मोहमद अली(42) गवर्नमेंट स्कूल 'बसंत की बस्ती सारणों की नाडी' में टीचर हैं।
7 अगस्त को दोपहर करीब 1:30 बजे, वे स्कूल से अपनी ड्यूटी खत्म कर पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान 'वादिया की धोरे' के पास बाइक पर आए मुराद, सफरा और चांदना ने उन्हें घेर लिया।
आरोप है कि हमलावरों ने पहले मुंह बांधकर रेकी की और फिर पूरी प्लानिंग के साथ धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
रिपोर्ट के अनुसार, टीचर पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किया, जिसमें टीचर के कंधे, दोनों पैरों, कोहनी और पीठ पर गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोग उन्हें तुरंत धनाऊ अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें बाड़मेर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एक्स-रे रिपोर्ट भी सामने आई हैं, जिसमें टीचर के हाथ और पैरों में हड्डियां कई जगह से टूटी हुई दिखाई दे रही हैं। फिलहाल टीचर का धोरीमन्ना के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पीड़ित ने कहा- उधार दिए रुपए मांगने से नाराज थे रिश्तेदार पीड़ित मोहमद अली का कहना है कि उसने आरोपियों के परिवार को करीब डेढ़ साल पहले एक लाख रुपए उधार दिए थे, लेकिन आरोपी लौटा नहीं रहे थे। इस कारण मैंने समाज के लोगों से कहलवाया था, लेकिन वे इस बात से नाराज हो गए और मेरे ऊपर हमला कर दिया। हमलावार रिश्तेदारी में ही हैं।
थानाधिकारी बोले- मामला पुरानी रंजिश का है धनाऊ थानाधिकारी दीपसिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। प्राथमिक जांच के अनुसार, पीड़ित और आरोपी एक ही समाज के हैं और मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।