आंखों में मिर्च पाउडर, फिर ईंट-डंडों से पिटाई, दिल्ली पुलिस पर किसने किया हमला? VIDEO में दिखा खौफनाक मंजर

Time Published: Sunday, August 23, 2026, 11:34 [IST]

दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में पुलिस टीम पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक जब्त किए जाने से नाराज लोगों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। इसके बाद ईंट और लाठी-डंडों से उनकी पिटाई की गई। हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल बताए जा रहे हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

Delhi Police Attack

पेट्रोलिंग के दौरान जब्त की बाइक, फिर शुरू हुआ विवाद

मामला 22 अगस्त की दोपहर का है। पुलिस के मुताबिक, मुकुंदपुर के जनता विहार इलाके में बीट स्टाफ के हेड कॉन्स्टेबल दिनेश और हेड कॉन्स्टेबल राजेश पेट्रोलिंग और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने बिना वैध दस्तावेज वाली एक बाइक पकड़ी और उसे थाने ले जाकर जमा कर दिया। करीब 3:30 बजे बाइक मालिक और उसके परिवार के कुछ लोग पुलिस की कार्रवाई का विरोध करने पहुंच गए। देखते ही देखते बहस बढ़ गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

मिर्च पाउडर आंखों में डाला, ईंट-डंडों से बरसाए वार

आरोप है कि भीड़ ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। इसके बाद ईंट और डंडों से हमला किया गया। पुलिस टीम की मदद के लिए पहुंचे हेड कॉन्स्टेबल टीनू को भी निशाना बनाया गया। हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हुए। सभी घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।

कौन है मुख्य आरोपी सुनील उर्फ पंकज?

पुलिस ने सुनील उर्फ पंकज को इस हमले का मुख्य आरोपी बताया है। पुलिस के मुताबिक, वह इलाके का कुख्यात बदमाश है और उसके खिलाफ पहले से 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट के 2 मामले भी शामिल हैं। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से मौके से 17 साल के एक नाबालिग को पकड़ा गया। वहीं, सुनील उर्फ पंकज समेत बाकी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें अलग-अलग जगह दबिश दे रही हैं।

ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर मिर्च पाउडर डालना और ईंट-डंडों से हमला करना सीधे तौर पर पुलिस की कार्रवाई को रोकने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। अब पुलिस की जांच का फोकस हमले में शामिल सभी लोगों की पहचान और उनकी भूमिका तय करने पर है। पुलिस के मुताबिक, बाइक जब्त करने के बाद विरोध करने पहुंचे लोगों ने पुलिसकर्मियों पर हमला किया। हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं।

  • Block for 8 hours

  • Block for 12 hours

  • Block for 24 hours

  • Don't block

Gender

Select your Gender

Age

Select your Age Range