भैया हमें बचा लो... दिल्ली हादसे में मलबे के नीचे दबे छात्र की आवाज, रुला देगा VIDEO
Delhi Building Collapse: दिल्ली के सत्य निकेतन में 5 मंजिला इमारत गिरने के बाद सामने आया मंजर दिल दहला देने वाला था. हादसे के बाद पूरी इमारत कुछ ही पलों में मलबे के ढेर में तब्दील हो गई. इसी मलबे के नीचे कई लोग दब गए. रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान जब बचावकर्मी और आसपास मौजूद लोग मलबा हटाने में जुटे थे, तभी अंदर से एक छात्र की आवाज सुनाई दी. छात्र मदद के लिए लगातार गुहार लगा रहा था भैया हमें बचा लो. उसकी आवाज सुनकर मौके पर मौजूद लोगों की भी आंखें नम हो गईं.
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त इमारत में पीजी चल रहा था और ऊपरी मंजिलों पर छात्र रह रहे थे. अचानक 5 मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई और अंदर मौजूद लोगों को खुद को बचाने या सुरक्षित बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला. हादसे के बाद चारों तरफ चीख-पुकार मच गई. धूल और मलबे के बीच लोग अपनों की तलाश में जुट गए.
मलबा हटाने में जुटी रेस्क्यू टीम
मौके पर राहत और बचाव टीमें पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. भारी मलबे को हटाने के लिए मशीनों का इस्तेमाल किया गया, लेकिन जहां किसी के जिंदा होने की आशंका थी, वहां बेहद सावधानी से मलबा हटाया गया. इसी दौरान मलबे के नीचे से छात्र की आवाज सुनाई दी. उसने आसपास मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाई.
भैया हमें बचा लो… की आवाज ने मौके पर मौजूद लोगों को झकझोर दिया. बचावकर्मियों ने आवाज की दिशा का पता लगाने की कोशिश की और उस हिस्से से मलबा हटाने का काम तेज किया. बताया जा रहा है कि मलबे में फंसे लोगों को ऑक्सीजन सपोर्ट भी दिया जा रहा था, ताकि उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने तक सांस लेने में परेशानी न हो.
‘भैया हमें बचा लो’
हादसे में अब तक कई लोगों को रेस्क्यू किए जाने की जानकारी सामने आई है, जबकि 5 लोगों की मौत भी हुई है. वहीं कई अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है. हर गुजरते मिनट के साथ बचावकर्मियों की कोशिश यही है कि मलबे के नीचे फंसे लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकाला जा सके.
इस हादसे ने इमारत की जर्जर हालत को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक, बिल्डिंग की हालत पहले से खराब थी. इसके बावजूद यहां पीजी चल रहा था और छात्र रह रहे थे. बताया जा रहा है कि इमारत के निचले हिस्से में निर्माण कार्य भी चल रहा था.

आशू मोहम्मद
राजनीति से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी, नई चीजों को पढ़ने और सीखने की ललख, पाठकों के सामने सरल भाषा व शब्दों में देश दुनिया से जुड़ी खबरों को परोसने का काम टीवी9 के साथ जारी है. वहीं अगर इससे पहले की बात की जाए तो कानपुर में जन्मे आशू मोहम्मद ने साइंस से ग्रेजुएशन करने के बाद कानपुर यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर, टीवी9 भारतवर्ष से 2022 में करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में करीब एक साल का अनुभव, अभी तक यह सिलसिला टीवी9 भारतवर्ष के साथ जारी है. डिजिटल मीडिया की दुनिया में लिखने-पढ़ने, साथ ही 'न्यू मीडिया' की बारीकियों और चुनौतियों को समझने की कोशिश जारी है.
Read More