न स्ट्रेचर, न कोई इंतजाम... बक्सर में कफन में लिपटी लाश को जमीन पर घसीटकर ले गए, VIDEO वायरल

Buxar News:बिहार के बक्सर से मानवता और शवों के सम्मान से जुड़े इंतजामों पर सवाल खड़ा करने वाला एक वीडियो सामने आया है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कफन में लिपटे एक शव को जमीन पर घसीटकर पोस्टमार्टम हाउस के अंदर ले जाते हुए देखा जा रहा है. वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल और प्रशासन की व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

जानकारी के मुताबिक, 31 अगस्त 2026 को रेलवे पैदल पुल के पास एक अज्ञात व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई थी. घटना की सूचना मिलने के बाद जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. बताया जा रहा है कि शव को लेकर बिहारी कुमार नामक व्यक्ति पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा. आरोप है कि वहां शव को पोस्टमार्टम हाउस के अंदर ले जाने के लिए स्ट्रेचर या शव ले जाने वाले किसी अन्य किसी साधन का इस्तेमाल नहीं किया गया. इसके बजाय कफन में लिपटे शव को जमीन पर घसीटते हुए अंदर ले जाया गया.

शव को घसीटते हुए ले गए

इस पूरी घटना को किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया. अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर शव को पोस्टमार्टम हाउस के अंदर ले जाने के लिए उचित व्यवस्था क्यों नहीं की गई. शवों को सम्मानपूर्वक रखने और उन्हें एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने की जिम्मेदारी किसकी थी, इसे लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.

घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है. लोगों का कहना है कि किसी भी व्यक्ति की मौत के बाद उसके शव के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए. ऐसे में शव को जमीन पर घसीटकर ले जाने का दृश्य व्यवस्था की संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े करता है.

वायरल वीडियो की जांच जारी

वहीं, इस मामले में यह भी स्पष्ट किया जाना जरूरी है कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रही घटना के पीछे की पूरी परिस्थितियां क्या थीं और शव को इस तरह ले जाने की नौबत क्यों आई. संबंधित अधिकारियों की ओर से जांच के बाद ही इसकी वास्तविक वजह सामने आ सकेगी. अब सवाल यह है कि पोस्टमार्टम हाउस में शवों को ले जाने के लिए पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध थी या नहीं और यदि व्यवस्था थी तो उसका इस्तेमाल क्यों नहीं किया गया. साथ ही, वीडियो सामने आने के बाद जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी या नहीं, यह भी जांच के बाद स्पष्ट होगा.

मामले में बिहारी डोम का बयान भी सामने आया है. प्रशासन और संबंधित विभाग की ओर से जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इस घटना के लिए कौन जिम्मेदार है और शव के साथ इस तरह का व्यवहार किन परिस्थितियों में हुआ.

रिपोर्ट- अजय राय /बक्सर

आशू मोहम्मद

आशू मोहम्मद

राजनीति से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी, नई चीजों को पढ़ने और सीखने की ललख, पाठकों के सामने सरल भाषा व शब्दों में देश दुनिया से जुड़ी खबरों को परोसने का काम टीवी9 के साथ जारी है. वहीं अगर इससे पहले की बात की जाए तो कानपुर में जन्मे आशू मोहम्मद ने साइंस से ग्रेजुएशन करने के बाद कानपुर यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर, टीवी9 भारतवर्ष से 2022 में करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में करीब एक साल का अनुभव, अभी तक यह सिलसिला टीवी9 भारतवर्ष के साथ जारी है.  डिजिटल मीडिया की दुनिया में लिखने-पढ़ने, साथ ही 'न्यू मीडिया' की बारीकियों और चुनौतियों को समझने की कोशिश जारी है.

Read More

google button