पुलिस की मौजूदगी में रेत माफिया ने की फायरिंग VIDEO: तुम्हें पुलिस नहीं दिख रही कहता रहा सिपाही, 5 पर FIR - Dabra News
डबरा क्षेत्र के टेकनपुर में शुक्रवार रात करीब साढ़े सात बजे रेत माफिया ने एक रेत कंपनी के कर्मचारियों पर फायरिंग कर दी। घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई। पूरे मामले का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया
.
ग्वालियर जिले में रेत उत्खनन का ठेका आरएसई स्टोन वर्ल्ड प्राइवेट लिमिटेड के पास है। कंपनी का चेक पोस्ट टेकनपुर तिराहे पर स्थित है, जहां रेत से भरे वाहनों की रॉयल्टी और दस्तावेजों की जांच की जाती है। शुक्रवार रात कंपनी कर्मचारी अर्जुन सोलंकी अन्य कर्मचारियों के साथ ड्यूटी पर थे। इसी दौरान एक रेत से भरा ट्रैक्टर आया, जिसे रोकने का प्रयास करने पर वह भाग गया। उसके पीछे एक और ट्रैक्टर तेज गति से निकला।
कंपनी कर्मचारी कर रहे थे पीछा
अर्जुन सोलंकी ने अन्य कर्मचारियों के साथ एक चार पहिया वाहन से दोनों ट्रैक्टरों का पीछा किया। भरथरी पुल के पास जब उन्होंने ट्रैक्टरों को रोकने की कोशिश की, तो ट्रैक्टर चालकों ने अर्जुन सोलंकी के वाहन (स्कॉर्पियो एंड क्रमांक एमपी 07 जेड पी 0626) को टक्कर मार दी, जिससे गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
इसके बाद मौके पर संजीव गुर्जर, यशपाल गुर्जर, मनीष गुर्जर, गोलू गुर्जर और प्रदीप गुर्जर सहित पाँच लोग आ गए। उन्होंने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। गोलीबारी की सूचना मिलने पर टेकनपुर चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
तस्वीरें देखिए…


पुल के पास की फायरिंग
पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद रेत माफिया ने भरथरी पुल के पास लगातार गोलियां चलाईं। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मी 'तुम्हें पुलिस नहीं दिख रही' कहते सुनाई दे रहे हैं, जबकि दूसरी ओर से लगातार गोली चलने की आवाजें आ रही हैं।
पांच पर मामला दर्ज
घटना की जानकारी ग्वालियर एसपी को मिलने पर उन्होंने तत्काल सर्कल के थाना प्रभारियों को सक्रिय किया। पुलिस बल के मौके पर पहुंचने पर सभी आरोपी भाग गए। देर रात कंपनी कर्मचारी अर्जुन सोलंकी अन्य कर्मचारियों के साथ सिटी थाने पहुँचे और शिकायत दर्ज कराई। इस संबंध में सिटी थाना प्रभारी संजय शर्मा का कहना है कि रेत कंपनी के कर्मचारियों पर फायरिंग हुई थी रात्रि में मामले में पांच लोगों के खिलाफ हवाई फायरिंग का अपराध दर्ज किया है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। इनमें से तीन पर बंदूक से और दो पर अवैध तमंचे से फायर करने का आरोप है।

रेत माफिया ने डायल 112 को मारी थी टक्कर
बीते रोज ही अर्रु तिराहे के पास एक रेत से भरे ट्रैक्टर ट्राली ने पुलिस के डायल112 को टक्कर मारकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया था।जिसमें तीन पुलिसकर्मी सवार थे।यह तो किस्मत अच्छी थी कि कोई भी घायल नहीं हुआ बाद में पुलिसकर्मियों ने दौड़ लगाकर रेत से बड़े ट्रैक्टर और चालक को पड़कर पुलिस थाने पहुंचाया था।यह पूरा घटनाक्रम भी दिन भर सुर्खियों में रहा था।