लुधियाना में सुसाइड करने वाले प्रॉपर्टी डीलर का VIDEO: कहा- बहनों और IRS अफसर ने प्रताड़ित किया, जमीन-मकान नाम करने का दबाव बनाया - Ludhiana News
लुधियाना के होटल में सुसाइड करने वाले प्रॉपर्टी डीलर सतनाम सिंह (70) का वीडियो सामने आया है। ये वीडियो उन्होंने सुसाइड करने से पहले बनाया था, जिसमें चाचा की बेटियों और एक रसूखदार IRS अफसर पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया।
.
सतनाम ने कहा कि उन पर झूठा केस दर्ज किया गया। इन्होंने मरने के लिए मजबूर किया। जमीन-मकान नाम करने का दबाव बनाया।
इस बीच न्याय की मांग को लेकर परिवार ने सोशल मीडिया का रुख किया है। इंस्टाग्राम पर जस्टिस फॉर सतनाम सिंह नाम से एक पेज बनाया गया है। परिवार का कहना है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती तब तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
सराभा नगर के रहने वाले सतनाम सिंह ने सोमवार (21 सितंबर) को होटल इंपीरियल में जहर निगलकर सुसाइड कर लिया था। कमरे में सुसाइड नोट मिला था। परिवार ने शव का पोस्टमॉर्टम करान के बाद उसे प्राइवेट अस्पताल में रखवाया है।

मरने से पहले प्रॉपर्टी डीलर ने कहा कि चाचा ने उन्हें गोद लिया था।
सुसाइड से पहले क्या कहा, 5 पॉइंट में पढ़िए…
- चाचा ने गोद लिया, मकान नाम किया: वीडियो में सतनाम सिंह ने कहा कि मेरे चाचा की 5 बेटियां थीं, जिसके बाद उन्होंने मुझे अपना बेटा बना लिया था। 1990 में चाचा की मौत के बाद चाची 31 साल मेरे पास रहीं। मेरे परिवार ने उनकी बहुत सेवा की। कैंसर की लास्ट स्टेज पर वो 43-B मकान की वसीयत मेरे नाम कर गईं।
- झूठी FIR और IRS अफसर का प्रेशर: चाची की बेटियों हरविंदर मोना भाटिया (सबसे बड़ी बेटी), राजविंदर मेधवान (दूसरे नंबर वाली बेटी) और मीनू पुरी (तीसरे नंबर वाली बेटी) ने IRS अफसर मोनिका भाटिया (मोना भाटिया की ननद) की पावर का इस्तेमाल कर मुझ पर और वसीयत के गवाहों पर धोखाधड़ी की झूठी FIR दर्ज करा दी।
- जमीन और मकान की डिमांड: FIR कैंसिल कराने के बदले 5 किले जमीन और मकान नंबर 43-B और 44-B अपने नाम कराने की मांग की। धमकी दी कि बात नहीं मानी तो मेरे दोनों बेटों (समरदीप सिंह और सरताज) का नाम भी FIR में डाल देंगे। IRS अफसर मोनिका भाटिया का पुलिस पर बहुत प्रेशर है। उन्होंने धमकी दी कि सुप्रीम कोर्ट तक जमानत नहीं होने देंगे।
- पूरी प्रॉपर्टी छीनने का बनाया दबाव: मेरे बेटे सरताज को कॉम्प्रोमाइज डीड का ड्राफ्ट भेजा गया। इसमें मेरी, मेरी पत्नी, पोते-पोती की जमीन और फार्म हाउस समेत सब कुछ उनके नाम करने को कहा गया।
- मरने पर किया मजबूर: ढाई महीने से रूपेश पुरी (मीनू पुरी का पति) और नीरज (रूपेश का दोस्त) के जरिए मुझे लगातार ब्लैकमेल किया जा रहा था। मैं कई दिनों से सो नहीं सका था। इन सबने मुझे इतना टॉर्चर किया कि मैं मरने पर मजबूर हो गया।

परिवार ने लिखा- गिरफ्तारी न होने तक अंतिम संस्कार नहीं करेंगे सतनाम सिंह के परिवार ने इंस्टाग्राम पेज (justice.for.satnam.singh) के जरिए एक पोस्ट शेयर की है। इसमें IRS अफसर मोनिका भाटिया, हरविंदर मोना भाटिया, राजविंदर मेधवान, रूपेश पुरी, मीनू पुरी, नीरज को आरोपी बताते हुए लिखा हमें इन सभी की गिरफ्तारी चाहिए।
पोस्ट में आगे लिखा- जब तक गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। परिवार इंसाफ मांग रहा है, कृपया इस आवाज को ज्यादा से ज्यादा उठाएं।

सतनाम ने मरने से पहले लिखा सुसाइड नोट…

-------------
ये खबर भी पढ़ें…
लुधियाना के होटल में प्रॉपर्टी डीलर ने आत्महत्या की, सुसाइड नोट मिला; बेटा बोला- बहनों ने झूठे केस में फंसाया, पिता पर प्रेशर डाला

लुधियाना के होटल इंपीरियल में सोमवार को प्रॉपर्टी डीलर ने सुसाइड कर लिया। उसने कमरे में जहर निगला। कमरे में सुसाइड नोट मिला है। सुसाइड नोट में क्या लिखा है, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में ले लिया है। सोमवार को जब उसने कमरे का दरवाजा नहीं खोला तो होटल स्टाफ ने मास्टर चाबी से कमरा खोला। अंदर प्रॉपर्टी डीलर का शव पड़ा मिला। (पढ़ें पूरी खबर)