VIP Estate में निगम ने कांप्लेक्स किया सील: अशोका रतन के सामने आवासीय इलाके में बिना अनुमति चल रही थी व्यावसायिक गतिविधियां - Raipur News

  • Hindi News
  • Local
  • Chhattisgarh
  • Raipur
  • VIP Estate Commercial Complex Sealed By Municipal Corporation | Raipur News

रायपुर2 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

शहर के VIP Estate में आवासीय क्षेत्र का इस्तेमाल बिना अनुमति व्यावसायिक गतिविधियों के लिए करना कारोबारियों को भारी पड़ गया। नगर निगम जोन-9 की टीम ने नियमों का पालन नहीं करने पर संबंधित व्यावसायिक परिसरों को ताला लगाकर सील कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान निगम की नगर निवेश टीम के साथ पुलिस भी मौके पर मौजूद रही।

नगर निगम के मुताबिक VIP Estate के आवासीय क्षेत्र में कुछ परिसरों में बिना अनुमति व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। इस संबंध में संबंधित कारोबारियों को पहले नोटिस जारी कर गतिविधियां बंद करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद संचालन जारी रहने पर निगम ने मंगलवार को मौके पर पहुंचकर सीलबंदी की कार्रवाई की।

नोटिस के बाद भी नहीं बंद हुआ काम

निगम अधिकारियों के अनुसार, आवासीय क्षेत्र में जिस तरह से व्यावसायिक गतिविधियां चल रही थीं, उसे लेकर पहले ही संबंधित लोगों को कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी। नोटिस के बावजूद गतिविधियां जारी रहने पर निगम की टीम ने संबंधित परिसरों को बंद कराया।

टीम ने परिसर में ताला लगाया, सील की कार्रवाई की और मौके पर पंचनामा तैयार किया। निगम ने स्पष्ट किया कि आवासीय क्षेत्र में बिना अनुमति व्यावसायिक इस्तेमाल की अनुमति नहीं दी जाएगी।

पुलिस की मौजूदगी में पहुंची निगम की टीम

यह कार्रवाई कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेश और निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर की गई। जोन-9 कमिश्नर राकेश शर्मा के मार्गदर्शन में कार्यपालन अभियंता शरद ध्रुव और सहायक अभियंता सैयद जोहेब समेत जोन-9 नगर निवेश विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

इस दौरान नगर निगम मुख्यालय की नगर निवेश उड़नदस्ता टीम और रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की टीम भी मौजूद रही। कार्रवाई पूरी होने के बाद सीलबंद किए गए परिसरों का पंचनामा बनाया गया।

सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत कार्रवाई

नगर निगम ने बताया कि यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुरूप की गई है। आवासीय इलाकों में बिना अनुमति व्यावसायिक गतिविधियों के संचालन को लेकर निगम अब सख्ती बरत रहा है। नियमों का उल्लंघन कर आवासीय परिसरों का व्यावसायिक इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

.