वंदे भारत स्लीपर का Viral Review: फर्स्ट AC-शॉवर और सफाई ने विदेशी ट्रैवलर का जीता दिल
एक विदेशी ट्रैवलर ने 6 महीने पुरानी वंदे भारत ट्रेन के रखरखाव की प्रशंसा की। वह ट्रेन की बेहतरीन साफ-सफाई, आधुनिक सुविधाओं और अच्छी सर्विस से हैरान थीं। उनका यह पॉजिटिव रिव्यू सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करीब छह महीने पहले कामाख्या-हावड़ा वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई थी। अब एक विदेशी ट्रैवलर का रिव्यू सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। ट्रैवल कंटेंट क्रिएटर अनुषा ने जनवरी में ट्रेन के उद्घाटन के वक्त भी इसमें सफर किया था। अब जब वो दोबारा इस ट्रेन में चढ़ीं, तो भारतीय रेलवे की मेंटेनेंस देखकर 'हैरान' रह गईं। उन्होंने ट्रेन की जबरदस्त साफ-सफाई, मॉडर्न सुविधाओं और लगातार अच्छी सर्विस की जमकर तारीफ की है।
अनुषा ने इंस्टाग्राम पर अपना अनुभव शेयर करते हुए बताया कि उन्हें लगा था कि इतने महीनों तक चलने के बाद ट्रेन की हालत खराब हो गई होगी। लेकिन प्रीमियम स्लीपर सर्विस को बहुत अच्छी तरह से मेंटेन किया गया था।
अनुषा ने कहा, "मैं तो पूरी तरह से तैयार थी कि हमारी गुवाहाटी से कोलकाता जाने वाली वंदे भारत आज पूरी तरह से कबाड़ हो चुकी होगी। इसके बड़े उद्घाटन के छह महीने बाद, मैं पूरी तरह से अकेले सफर कर रही हूं और इस बार मैंने फर्स्ट एसी बुक किया ताकि यह देख सकूं कि जो तारीफें हो रही थीं, वो सच थीं या सिर्फ एक दिन का दिखावा था।"
ट्रैवल क्रिएटर ने बताया कि ट्रेन में चढ़ते ही वह हैरान रह गईं। उन्होंने केबिन के बड़े साइज, शानदार इंटीरियर और कोच की बेदाग साफ-सफाई की तारीफ की। उन्होंने कहा, "मुझे चाय दी गई, और फिर मैं सीधे जांच करने चली गई। और मैं हैरान हूं। केबिन बहुत बड़ा, मॉडर्न और छह महीने बाद भी सच में बेदाग है।"
अनुषा के मुताबिक, असली परीक्षा ट्रेन के वॉशरूम की थी, जिसे अक्सर लंबी दूरी की ट्रेनों में सफाई का सबसे बड़ा पैमाना माना जाता है। लेकिन यहां भी उन्हें हैरानी हुई, क्योंकि सुविधाएं उम्मीद से कहीं बेहतर थीं। उन्होंने कहा, "लेकिन असली टेस्ट तो बाथरूम का था और हां, हमारे फर्स्ट एसी में एक असली शॉवर एरिया है जो हैरानी की बात है कि बहुत साफ है। यहां तक कि खाने का स्वाद भी बिल्कुल पहले दिन जैसा ही था। हमारी प्रीमियम ट्रेन ने 6 महीने का वाइब चेक पास कर लिया है।"
सोशल मीडिया पर लोगों ने क्या कहा?
यह वीडियो ऑनलाइन तेजी से वायरल हो गया। कई यूजर्स ने भारत के रेलवे नेटवर्क का एक पॉजिटिव पहलू दिखाने के लिए अनुषा की तारीफ की। कई लोगों ने लॉन्च के महीनों बाद भी प्रीमियम स्लीपर सर्विस को मेंटेन रखने के लिए भारतीय रेलवे की सराहना की, साथ ही यात्रियों से भी पब्लिक प्रॉपर्टी को सहेज कर रखने की अपील की।
एक यूजर ने लिखा, "भारत सरकार अपना बेस्ट कर रही है, हम नागरिक ही हैं जो तरक्की के लायक नहीं हैं।" एक अन्य ने कमेंट किया, “भारतीय रेलवे के आरामदायक सफर को दिखाने के लिए धन्यवाद।” एक तीसरे यूजर ने लिखा, "रेलवे तो अपना काम कर रहा है, लेकिन यात्रियों के तौर पर हमें भी सुविधाओं को बनाए रखना चाहिए।"