Viral: ये VIDEO नहीं, इमोशन है! परदादी और पोते की बातचीत देखकर आपको भी अपने दादा-दादी की याद आएगी

दादी-पोते का प्यारा वीडियोImage Credit source: Instagram/ ____vivanshadvitworld
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो लोगों के दिलों में घर कर गया है. इतना प्यारा है कि देखोगे तो चेहरा खुद-ब-खुद मुस्कुरा उठेगा, और आखिर में आंखें थोड़ी नम भी हो जाएंगी. ये वीडियो शेयर किया है @____vivanshadvitworld नाम के हैंडल ने, और इसमें एक छोटा सा पोता अपनी परदादी के साथ बैठा है. बस यहीं से शुरू होती है एक बेहद मासूम बातचीत.
हुआ यूं कि छोटा बच्चा अपनी दादी को बड़े ध्यान से देख रहा होता है. उनके चेहरे पर हाथ फेरता है, उनकी झुर्रियों को देखता है और फिर एकदम भोलेपन से पूछ लेता है कि दादी, आपकी स्किन ऐसी क्यों है? अब जरा सोचो, इस सवाल का जवाब देना कितना मुश्किल हो सकता है, लेकिन दादी के चेहरे पर जरा भी झुंझलाहट नहीं. वो उतने ही प्यार से, मुस्कुराते हुए कहती हैं कि बेटा, हम बूढ़े हो गए हैं ना, इसलिए..!
दादी ने मासूमियत से दिया जवाब
बच्चा कहां मानने वाला था. उसकी जिज्ञासा तो और बढ़ गई. वो फिर पूछता है कि अच्छा, बूढ़ा होने से क्या होता है? इस पर दादी जो जवाब देती हैं, वो सुनकर आपका दिल पिघल जाएगा. वो इसे बिल्कुल बच्चे की भाषा में समझाती हैं. कहती हैं कि देखो, बूढ़ा होने पर शरीर में कमी आ जाती है. जैसा तुम्हारा शरीर है, वैसा ही ये मेरा शरीर है. बस अब मेरे शरीर में कमी हो गई है.
वो यहीं नहीं रुकतीं. आगे बड़े ही सिंपल तरीके से बताती हैं कि अब खाना कम खाते हैं, पानी कम पीते हैं, पहले जैसा काम भी नहीं कर पाते, तो बस… हर बूढ़े आदमी के साथ ऐसा ही होता है, कमियां आ जाती हैं. बच्चा उनकी बातों को बड़े गौर से सुन रहा होता है. फिर वो उनकी हाथों की लकीरों और पैरों की तरफ इशारा करके कहता है कि और हाथ भी ऐसे हो गए हैं यहां पे. उसका वो कहना, वो मासूमियत, बस देखते ही बनती है. एक तरफ एक बच्चे का निश्छल सवाल, दूसरी तरफ एक दादी का बेइंतहा सब्र और प्यार. न कोई बनावट, न कोई स्क्रिप्ट. बस दो पीढ़ियों के बीच का एक सच्चा पल.
यही वजह है कि ये वीडियो इतना वायरल हो रहा है. लोग इसे देखकर सिर्फ लाइक नहीं कर रहे, बल्कि अपनी फीलिंग्स शेयर कर रहे हैं. कोई लिख रहा है कि, “दादी ने कितने प्यार से समझाया, दिल छू लिया कि तो कोई कह रहा है कि इस वीडियो ने मुझे मेरी नानी की याद दिला दी. कई यूजर्स को अपना बचपन याद आ गया. वो दिन जब हम भी अपने दादा-दादी से ऐसे ही अटपटे सवाल पूछा करते थे और वो बिना गुस्सा हुए, हमें गोद में बिठाकर हर बात का जवाब देते थे.
यह भी पढ़ें: OMG! बेंगलुरु में 60 हजार में मिलता है क्या? लड़की ने दिखाया अपने कमरे का व्यू, वीडियो हुआ वायरल
आज की भागदौड़ भरी लाइफ में, जहां सब रील्स और मीम्स के बीच उलझे हैं, ऐसा वीडियो एक सुकून जैसा लगता है. ये याद दिलाता है कि हमारे घर के बुजुर्गों के पास कितनी कहानियां हैं, कितना प्यार है और कितना सब्र है. बस जरूरत है उनके पास बैठने की, उनसे बात करने की. अगर आपने अभी तक ये वीडियो नहीं देखा है, तो एक बार जरूर देखना. गारंटी है, आपका दिन बन जाएगा.
यहां देखिए वीडियो

आयुष कुमार
आयुष कुमार, टीवी9 डिजिटल में सीनियर सब एडिटर हैं. अशोक और चाणक्य की धरती बिहार से हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की तालीम हासिल की है. पत्रकारिता में तीन साल से तिल को बिना ताड़ बनाए किसी भी सोशल मुद्दे को 360 डिग्री समझाने की कोशिश करते हैं.<p></p> अमर उजाला, फिरकी डॉट इन से अपने पत्रकारीय सफर की शुरुआत की है. पाठकों तक सरल शब्दों में खबरें पहुंचाना उद्देश्य रहा है. लेखन की इस दुनिया में दिलचस्पी इसलिए बढ़ गई, क्योंकि बचपन से ही काफी ज्यादा बातूनी रहे हैं. <p></p>फिलहाल, टीवी9 में फीचर राइटिंग करते हुए सोशल मीडिया की नब्ज पकड़ने में माहिर हो गए है. अजीबोगरीब खबरों को गजब तरीके से लिखकर आप सबके सामने पेश करते हैं.
Read More