वाराणसी में VVIP दर्शन का झांसा देकर भक्तों से वसूले जा रहे थे रुपए, 8 आरोपी जेल गए - India TV Hindi
वाराणसी: यूपी के वाराणसी में वीवीआईपी दर्शन का झांसा देकर भक्तों से पैसे वसूलने की खबर सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में 8 दलाल पकड़े हैं और उन्हें जेल भेजा गया है। गौरतलब है कि सावन का महीना शुरू होने की वजह से बाबा विश्वनाथ के दर्शनों के लिए भक्तों की भारी भीड़ जमा हो रही है।
क्या है पूरा मामला?
यूपी के वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ कॉरीडोर में कुछ लोग भक्तों से वीवीआई दर्शन कराने का झांसा देकर पैसा वसूल रहे थे। पुलिस ने अब ऐसे दलालों के खिलाफ ऑपरेशन शुरू किया है। आज 8 दलालों को पकड़कर जेल भेज दिया गया है। असल में सावन का महीना चल रहा है। बाबा विश्वनाथ के धाम में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
आज मैसूर से आए चार भक्तों को सुगम दर्शन कराने का वादा करके बसंत पांडेय नाम के दलाल ने चार हजार रुपए वसूल लिए। इसी दौरान पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर बसंत पांडे भक्तों को वहीं छोड़कर भाग गया। इसके बाद इन लोगों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी।
इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने तुंरत एक्शन लिया। आसपास के दुकानदारों से पूछताछ करके भीड़ में छिपे दलाल बसंत पांडेय को पकड़ लिया। मौके पर ही चार हजार रुपये वापस कराए और भक्तों को बाबा विश्वनाथ के दर्शन भी करवाए।
काशी पुलिस ऐसे दलालों पर सख्त नजर बनाए हुए है। पिछले चौबीस घंटे में बसंत पांडेय जैसे आठ लोग अरेस्ट किए गए हैं। ये सभी लोग भक्तों को दर्शनों के नाम पर लूट रहे थे।
पुलिस ने भक्तों से की अपील
काशी पुलिस ने भक्तों से अपील की है कि वो ऐसे ठगों से सावधान रहें। बाबा के दर्शनों के लिए कोई फीस नहीं लगती है।
गौरतलब है कि ये बात बार-बार सामने आती है कि बड़े-बड़े मंदिरों में दर्शन कराने के नाम पर लोग, श्रद्धालुओं को लूटते हैं। कहीं टूरिस्ट गाइड को कहीं होटल चलाने वाले ये काम करते हैं। कहीं-कहीं तो मंदिर के बाहर फूल माला बेचने वाले भी ये धंधा करने लग जाते हैं।
हालांकि वाराणसी की पुलिस ने अलर्टनेस दिखाई और ठगी करने वालों को पकड़ा। ऐसे मामलों में दर्शन के लिए जाने वाले लोगों के बीच जागरुकता पैदा करने की जरूरत है और मंदिरों में जगह-जगह लिखकर लगाया जाना चाहिए कि इस तरह की ठगी करने वालों से लोग सावधान रहें।
ये भी पढ़ें-
काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट पर PAC जवान से गलती से चली गोली, छर्रा लगने से 3 लोग घायल; CCTV वीडियो आया सामने