VVIP यात्राओं के लिए स्टैंडर्ड पॉलिसी; मोदी-ट्रंप मुलाकात के दौरान 'सवाल न पूछने' पर MEA- सूत्र
Aug 24, 2026 03:02 pm ISTभाषा

पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप ने 17 जून को फ्रांस में जी-7 शिखर सम्मेलन से इतर बातचीत की थी। सर्जियो गोर ने कहा कि विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी पक्ष से क`हा था कि भारत बैठक के बाद दोनों नेताओं की मीडिया से बातचीत नहीं चाहता।

पीएम नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की फ्रांस में बैठक से पहले मीडिया से बातचीत नहीं करने का मामला गरमाया हुआ है। अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने दावा किया कि भारत की ओर से ऐसी अपील की गई थी। इस बयान के मद्देनजर सरकारी सूत्रों ने सोमवार को कहा कि नेताओं के सार्वजनिक कार्यक्रमों से जुड़ी व्यवस्थाओं पर पहले से चर्चा करना सामान्य प्रक्रिया है। VVIP यात्राओं के लिए यह स्टैंडर्ड पॉलिसी है। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने हाल में कहा कि ट्रंप और मोदी की फ्रांस में बैठक से पहले नई दिल्ली ने अमेरिकी पक्ष से कहा था कि भारत बैठक के बाद मीडिया से बातचीत नहीं चाहता।
पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप ने 17 जून को फ्रांस में जी-7 शिखर सम्मेलन से इतर बातचीत की थी। सर्जियो गोर ने 'इकोनॉमिक टाइम्स वर्ल्ड लीडर्स फोरम' में कहा कि विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी पक्ष से कहा था कि भारत बैठक के बाद दोनों नेताओं की मीडिया से बातचीत नहीं चाहता। अमेरिकी राजदूत ने कहा कि ट्रंप इस अनुरोध को भूल गए और मोदी के साथ बैठक के बाद करीब 45 मिनट तक चली मीडिया वार्ता के दौरान उन्होंने कई सवालों के जवाब दिए।
सूत्रों ने मुलाकात को लेकर क्या बताया
सूत्रों ने कहा कि नेताओं के सार्वजनिक कार्यक्रमों से पहले उनकी व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा होना सामान्य बात है। एक सूत्र ने कहा, 'किसी भी अति विशिष्ट व्यक्ति (VVIP) की यात्रा से पहले नेताओं के सार्वजनिक कार्यक्रमों से जुड़ी व्यवस्थाओं पर चर्चा करना सामान्य प्रक्रिया है।' सूत्र ने कहा कि इसी सिलसिले में भारतीय पक्ष ने ऐसी यात्राओं को लेकर अपनी सामान्य प्रक्रिया से अवगत कराया था।
बता दें कि जी-7 शिखर सम्मेलन से इतर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ पीएम मोदी की मुलाकात हुई। इस दौरान उन्होंने ईरान और अमेरिका के बीच जारी संघर्ष के कारण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बढ़े जहाजों पर हमलों के बीच भारतीय नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्रंप से कहा कि लाखों भारतीय नाविक समुद्री क्षेत्र में काम करते हैं और उनकी सुरक्षा भी उतनी ही अहम है। इस पर ट्रंप ने कहा कि अमेरिका भारत के साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने मोदी की ओर इशारा करते हुए कहा कि अगर कोई उन पर हमला करता है तो अमेरिका वहां मौजूद रहेगा, हालांकि अगर भारत में कोई नया नेता होता है तो वह इस बारे में निश्चित नहीं हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने भविष्य में भारत की यात्रा करने का संकेत भी दिया।