एशियाई खेलों में VVS लक्ष्मण संभालेंगे भारतीय टीम की कमान, गौतम गंभीर को आराम
नई दिल्ली(उत्तम हिन्दू न्यूज): जापान के आइची-नागोया में होने वाले आगामी एशियाई खेलों में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी पूर्व क्रिकेटर और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण संभालेंगे। युवा मामले एवं खेल मंत्रालय ने एशियाई खेलों के लिए 768 सदस्यीय भारतीय दल की पुष्टि करते हुए यह जानकारी दी है। भारतीय दल में 503 खिलाड़ी, 246 टीम अधिकारी एवं सपोर्ट स्टाफ और 19 दल के अन्य कर्मचारी शामिल होंगे।
गंभीर की जगह लक्ष्मण को मिली जिम्मेदारी
नियमित मुख्य कोच गौतम गंभीर को वेस्टइंडीज के खिलाफ 27 सितंबर से शुरू होने वाली सफेद गेंद की सीरीज से पहले आराम दिया गया है। ऐसे में एशियाई खेलों के दौरान पुरुष क्रिकेट टीम की जिम्मेदारी लक्ष्मण के पास होगी। मंत्रालय के मुताबिक सुनील जोशी, ऋषिकेश कानिटकर और सुभादीप घोष भी लक्ष्मण के सहयोगी स्टाफ में शामिल होंगे। वहीं, महिला टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी अमोल मजूमदार संभालेंगे।
लक्ष्मण हाल ही में जुलाई में जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में भी भारतीय टीम के साथ बतौर अंतरिम मुख्य कोच जुड़े थे। उस समय इंग्लैंड के खिलाफ सफेद गेंद की सीरीज के बाद गौतम गंभीर को आराम दिया गया था।
मौजूदा चैंपियन के तौर पर उतरेगी भारत की दोनों टीमें
भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीमें एशियाई खेलों में मौजूदा चैंपियन के रूप में उतरेंगी। दोनों टीमों ने 2022 में हांग्जो में आयोजित एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता था। पुरुष टीम की अगुआई ऋतुराज गायकवाड़ ने की थी, जबकि महिला टीम ने हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व में स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।
क्रिकेट टीम के साथ जाएगा बड़ा सपोर्ट स्टाफ
एशियाई खेलों के लिए भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों के साथ बड़ा सपोर्ट स्टाफ भी जापान जाएगा। रिपोर्टों के मुताबिक दोनों क्रिकेट टीमों का सपोर्ट स्टाफ एथलेटिक्स के बाद भारतीय दल में सबसे बड़ा हो सकता है। बीसीसीआई के क्रिकेट ऑपरेशंस विभाग से जुड़े मारूफ फजंदर को सपोर्ट स्टाफ का ‘टीम लीडर’ नियुक्त किया गया है। वह एशियाई खेलों के दौरान टीम प्रबंधन से जुड़ी जिम्मेदारियां संभालेंगे।
टीमों के ठहरने की व्यवस्था पर उठे सवाल
इस बीच एशियाई खेलों में क्रिकेट टीमों के ठहरने की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे हैं। जापान क्रिकेट एसोसिएशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नाओकी एलेक्स मियाजी के अनुसार, क्रिकेट प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली टीमों के लिए होटल में ठहरने की व्यवस्था की जा रही है। हालांकि, मेजबान क्षेत्र में होटल के कमरों की उपलब्धता सीमित है।
19 सितंबर से 3 अक्टूबर तक होने वाले पुरुष और महिला टी20 मुकाबलों में हिस्सा लेने वाली कुछ बड़ी एशियाई टीमों ने सुविधाओं और खासकर होटल के कमरों के आकार को लेकर चिंता जताई है। इसी के बाद टीमों के ठहरने की व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हुई है।
You Might Be Interested In
- बेटी ने CM पर साधा निशाना, तो मंत्री मां की ही कैबिनेट से हो गई छुट्टी; जानें पूरा विवाद
- ‘तब तक फाइनल नहीं होगा समझौता’, ट्रेड डील पर भारत ने अमेरिका के सामने रखी ये शर्त
- EV चालकों की बड़ी टेंशन खत्म, भारतीय वैज्ञानिकों ने खोजी जादुई तकनीक; सालों-साल चलेगी गाड़ी की बैटरी
- वोडाफोन के कुत्ते की तरह पीछे-पीछे नहीं चल सकती पत्नी; हाईकोर्ट ने तलाक पर लगाई मुहर
- सुप्रीम कोर्ट ने बीसीआई चेयरमैन से मारपीट मामले में सीबीआई जांच से किया इनकार, कहा-हाईकोर्ट जाएं
- दिल्ली में हरित और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन के नए युग की शुरुआत, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दीं कई बड़ी सौगातें