Waves 2027 को भव्य बनाने की तैयारी, सीएम देवेंद्र फडणवीस ने अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक| Navbharat Live

Updated On: Jul 17, 2026 | 09:12 PM IST

विज्ञापन

सार

Waves 2027: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 'वेव्स 2027' सम्मेलन की तैयारियां तेज करने के निर्देश दिए। आयोजन, बजट, डिजिटल व्यवस्था, निवेश और वैश्विक स्तर की सुविधाओं पर जोर दिया।

Waves 2027 Preparations Devendra Fadnavis Review Meeting Maharashtra

CM फडणवीस ने की समीक्षा बैठक (फोटो नवभारत)

विस्तार

Waves 2027 Preparations: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वैश्विक स्तर के ‘वेव्स 2027’ सम्मेलन के आयोजन और इसके नियोजन में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। मुख्यमंत्री के शासकीय निवास ‘वर्षा’ पर आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में उन्होंने इस भव्य आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का नियोजन, विभागवार जिम्मेदारियां, बजट, प्रचार और परिवहन से जुड़ी सभी तैयारियां समय सीमा के भीतर पूरी की जानी चाहिए।

​भव्यता और बेहतर तालमेल पर फोकस

​मुख्यमंत्री फडणवीस ने बताया कि पहले वेव्स सम्मेलन ने वैश्विक स्तर पर महाराष्ट्र की ब्रांड वैल्यू को मजबूत किया है. उन्होंने आगामी संस्करण को अधिक भव्य और प्रभावी बनाने के लिए काम करने को कहा। अनुकूल मौसम को देखते हुए उन्होंने इस सम्मेलन को फरवरी या मार्च में आयोजित करने का सुझाव दिया। इस बैठक में मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल, सूचना व प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार और मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती सहित केंद्र व राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ेः- यात्रीगण कृपया ध्यान दें… रविवार को मध्य रेल का मेगा ब्लॉक, लोकल और एक्सप्रेस ट्रेनों का बदलेगा संचालन

सम्बंधित ख़बरें

​निवेश और डिजिटल तकनीक को बढ़ावा

बैठक में ‘वेव्स 2027’ सम्मेलन को वैश्विक स्तर का आयोजन बनाने के लिए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और महाराष्ट्र सरकार के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया गया। इसके लिए संयुक्त समन्वय समिति गठित करने और एवीजीसी (Animation, Visual Effects, Gaming and Comics) क्षेत्र में देश-विदेश से निवेश आकर्षित करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के स्वागत और आवागमन के लिए विशेष प्रोटोकॉल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

साथ ही प्रतिभागियों की सुविधा के लिए मोबाइल आधारित पंजीकरण प्रणाली और एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित किया जाए, ताकि सभी सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध हों। उन्होंने आयोजन स्थल के प्रबंधन, सुरक्षा, तकनीकी सुविधाओं, डिजिटल कनेक्टिविटी और समन्वय व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी न रहने देने पर जोर देते हुए सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।

Follow Navbharatlive whatsapp