मां के दुश्मनों ने बना दिया बलि का बकरा... WHO छोड़ते ही शेख हसीना की बेटी ने खोला राज

Sep 11, 2026 12:57 am ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

शेख हसीना की बेटी साइमा वाजेद ने विश्व स्वास्थ्य संगठन से इस्तीफा देने के बाद दावा किया कि डब्ल्यूएचओ में दो नियम चल रहे हैं और उन्हें राजनीतिक कारणों से निशाना बनाया गया। उन्होंने संगठन प्रमुख टेड्रोस पर भी गंभीर आरोप लगाए।

Sheikh Hasina

शेख हसीना की बेटी ने खोला राज

विश्व स्वास्थ्य संगठन ( WHO ) से इस्तीफे के कुछ घंटों बाद शेख हसीना की बेटी साइमा वाजेद ने संगठन प्रमुख टेड्रोस पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि उन्हें सिर्फ इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि वे बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री की बेटी हैं। पूर्व दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्रीय निदेशक साइमा ने दावा किया कि उनकी मां का पद उनके राजनीतिक विरोधियों के लिए हथियार बन गया। इसी वजह से उन पर दबाव बढ़ा और उन्हें संगठन से बाहर किया गया। बता दें कि साइमा ने इस्तीफा पत्र में लिखा था कि उन्हें काम करने से रोका गया, जिसके बाद उन्होंने संगठन के नेतृत्व पर भरोसा खो दिया।

न्यूज18 से बात करते हुए साइमा वाजेद ने कहा कि डब्ल्यूएचओ में दो अलग-अलग नियम चल रहे हैं। उनके मुताबिक, बांग्लादेश सरकार के आरोपों पर उनसे पूछताछ हुई, जबकि टेड्रोस पर लगे आरोपों की कोई जांच नहीं हुई। 2020 में इथियोपिया के सेना प्रमुख जनरल बिरहानु जुला ने टेड्रोस पर तिग्रे पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट को राजनयिक समर्थन और हथियार दिलाने की कोशिश का आरोप लगाया था।

उन्होंने कहा कि वे डब्ल्यूएचओ का सम्मान करती हैं और लंबे समय तक सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए काम किया, लेकिन मौजूदा नेतृत्व, खासकर महानिदेशक के साथ उनका अनुभव बुरा रहा। उनके अनुसार, नेतृत्व दबाव डालता है, झूठ बोलता है और गलत जानकारी फैलाता है। पिछले डेढ़ साल में उन्हें बदले की भावना और उत्पीड़न का सामना करना पड़ा।

साइमा ने कहा कि चीन यात्रा के आरोप गलत साबित हुए क्योंकि बीमारी के कारण वे गई ही नहीं थीं। जमीन खरीद मामले में चार कानूनी राय दी गई थीं, जिनमें कहा गया था कि आरोप कानूनी रूप से कमजोर हैं। उन्होंने बताया कि जांच पूरी हो चुकी है। वे डेढ़ साल से छुट्टी पर थीं और करीब एक साल से बिना वेतन के हैं। जुलाई 2025 से वे बेरोजगार हैं। मानसिक थकान और आर्थिक तंगी के कारण उन्होंने इस्तीफा दे दिया, ताकि फिर से काम शुरू कर सकें। साइमा ने आगे कहा कि टेड्रोस पर भी मिलते-जुलते आरोप थे, लेकिन उन्हें छुट्टी पर नहीं भेजा गया और न ही बिना वेतन छोड़ा गया।

अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस के साथ मिलीभगत के सवाल पर उन्होंने कहा कि 'मिलीभगत' कड़ा शब्द है। फिर भी उनके पास सबूत हैं कि टेड्रोस ने मानक राजनयिक प्रक्रिया के बिना अंतरिम सरकार से संपर्क किया था। अंत में उन्होंने साफ कहा कि मैं शेख हसीना की बेटी हूं। हां, मुझे राजनीतिक रूप से निशाना बनाया जा रहा है और उनके दुश्मन मुझे बलि का बकरा बना रहे हैं।