Will Jacks ने वनडे में किया बेस्ट प्रदर्शन, क्रिकेट के मैदान पर 43 साल बाद दिखा ऐसा नजारा, इंग्लैंड से श्रीलंका हारा

विल जैक्स का कमाल का प्रदर्शन (Photo: PTI)
इंग्लैंड ने श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज का आगाज भी जीत के साथ किया है. इंग्लैंड ने 22 सितंबर को खेले पहले मैच में श्रीलंका को 89 रन से हराया और 3 वनडे की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली. श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के पहले वनडे में इंग्लैंड को मिली जीत में उसके ऑलराउंडर विल जैक्स की भूमिका सबसे अहम रही. विल जैक्स ने इस मैच में बल्ले से तो रन बनाए ही, उसके बाद गेंद से अपने वनडे करियर का बेस्ट प्रदर्शन किया. इस मैच में विल जैक्स की कामयाबी इंग्लैंड क्रिकेट के नजरिए से बेमिसाल रही.
विल जैक्स ने वनडे में किया बेस्ट प्रदर्शन
अब सवाल है कि विल जैक्स ने किया क्या? कैसे उन्होंने वनडे में अपने बेस्ट प्रदर्शन की स्क्रिप्ट लिखी? इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी कर श्रीलंका के सामने 266 रन का लक्ष्य रखा, जिसका पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम के खिलाफ विल जैक्स ने अकेले ही 5 विकेट चटका दिए. विल जैक्स ने 7 ओवर में 22 रन देकर 5 विकेट लिए, जिसमें से 3 विकेट तो उन्होंने एक ही ओवर में झटके. ये वनडे या यूं कहें कि विल जैक्स के पूरे लिस्ट ए करियर का बेस्ट प्रदर्शन है. इससे पहले उनका बेस्ट प्रदर्शन 22 रन देकर 3 विकेट लेने का था, जो कि उन्होंने 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ लिया था.
क्रिकेट के मैदान पर 43 साल बाद दिखा ऐसा नजारा
श्रीलंका के खिलाफ वनडे में 5 विकेट लेने वाले विल जैक्स इंग्लैंड के दूसरे स्पिनर हैं. क्रिकेट के मैदान पर वनडे में पहली बार ये कमाल विल मार्क्स ने 43 साल पहले किया था.साल 1983 में विक मार्क्स श्रीलंका के खिलाफ वनडे में 5 विकेट लेने वाले पहले इंग्लिश स्पिनर बने थे. उन्होंने 39 रन देकर 5 विकेट लिए थे.
इंग्लैंड स्पिनर का वनडे में दूसरा बेस्ट फीगर
श्रीलंका के खिलाफ वनडे में लिया विल जैक्स का 5 विकेट बेमिसाल फीगर सिर्फ इसलिए नहीं है कि ये उनके लिस्ट ए करियर का बेस्ट प्रदर्शन है बल्कि इसलिए भी है क्योंकि ये इंग्लैंड के किसी स्पिनर का दूसरा बेस्ट फीगर भी है. इंग्लैंड के लिए वनडे में इससे बेस्ट फीगर सिर्फ स्पिनर विल मार्क्स का है. उन्होंने 1984 में वेलिंगटन में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले वनडे में 20 रन देकर 5 विकेट लिए थे.
श्रीलंका की टीम 176 रन पर सिमट गई
विल जैक्स के बेस्ट फीगर ने मैदान पर श्रीलंका की हालत खराब कर दी और उन्हें 89 रन के बड़े अंतर से घुटने टेकने को मजबूर होना पड़ा. 266 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की टीम 176 रन ही बना सकी. श्रीलंका की ओर से किसी बल्लेबाज ने कोई खास बड़ा स्कोर नहीं किया. सबसे ज्यादा 45 रन की पारी ड्यूनिथ वेलालागे ने खेली.
विल जैक्स बने प्लेयर ऑफ द मैच
इससे पहले इंग्लैंड की मैच में पूरे 50 ओवर नहीं खेल पाया और 48.1 ओवर में 265 रन बनाकर ऑल आउट हो गई. इंग्लैंड की ओर से कप्तान हैरी ब्रूक ने सबसे ज्यादा 67 रन बनाए. जबकि विल जैक्स ने 46 रन की नाबाद पारी खेली. पहले बल्ले और फिर गेंद से मचाए गदर को लेकर ही विल जैक्स को श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे में प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.

साकेत शर्मा
'कौन बनेगा करोड़पति' गेम शो से शुरू हुआ सफर न्यूज नेशन, इंडिया न्यूज, इंडिया डॉट कॉम और Editorji जैसे पड़ावों से गुजरा. इसी कड़ी में पिछले 5 सालों से मैं TV9 हिंदी के साथ जुड़ा हूं. यहां भी खेल की खबरों को बताना मेरा काम है. TV, डिजिटल और प्रोडक्शन हाउस, तीनों ही दुनिया की समझ और कुल मिलाकर एक दशक से भी ज्यादा का मेरे पास अनुभव है. हर रोज कुछ नया सीखने और नई क्रिएटिव चीज करने की कोशिश करता हूं. असफलता से घबराता नहीं और सफलता पर इतराता नहीं. बस कोशिश यही करता हूं कि हमेशा अपना बेस्ट दे सकूं. आज तक यही करता आया हूं और आगे भी इरादा ऐसा ही है. फिर चाहे काम डेस्क पर बैठकर खेल की खबरों को अपने शब्दों में पिरोने का हो या फिर फील्ड में उतरकर उसे कैमरे पर उतारने का. सीधी भाषा में कहें तो मैं खेल के मैदान पर होने वाली हर हलचल को आपतक पहुंचाने वाला एक खिलाड़ी हूं.
Read More