Women's Asia Cup 2026: शेफाली और दीप्ति का थाईलैंड पर टूटा कहर, टीम इंडिया का जोरदार आगाज

Women's Asia Cup 2026: शेफाली और दीप्ति का थाईलैंड पर टूटा कहर, टीम इंडिया का जोरदार आगाज

भारतीय टीम की जीत में बल्लेबाजों की नाकामी नहीं छुपीImage Credit source: Getty Images

यूएई में चल रहे महिला एशिया कप 2026 में भारतीय टीम ने अपना अभियान एक भारी-भरकम जीत के साथ किया है. ग्रुप A के अपने पहले मैच में टीम इंडिया ने बिल्कुल एकतरफा अंदाज में थाईलैंड को 94 रन से रौंद दिया. इस मैच का नतीजा तो खेल शुरू होने से पहले ही तय नजर आ रहा था लेकिन जीत कैसी होगी और कितनी बड़ी होगी, ये देखना था. शेफाली वर्मा ने विस्फोटक पारी से इसकी बुनियाद रखी, जिसके बाद दीप्ति शर्मा समेत गेंदबाजों ने टीम इंडिया को सफलता दिलाई.

शेफाली को छोड़कर बाकी बल्लेबाज फेल

दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में रविवार 30 अगस्त को भारत और थाईलैंड आमने-सामने थे. टीम इंडिया इस मैच में पहले बैटिंग के लिए उतरी और शेफाली वर्मा (64) ने ओपनिंग पार्टनर स्मृति मंधाना के साथ मिलकर आते ही हमला बोल दिया. हालांकि स्मृति ज्यादा देर नहीं टिकीं लेकिन शेफाली ने सिर्फ 26 गेंदों में अर्धशतक जमा दिया. इस दौरान उन्होंने 9वें ओवर में ही टीम इंडिया को 91 रन तक पहुंचा दिया. मगर यहां से अचानक पारी लड़खड़ा गई.

टीम इंडिया का स्कोर 1 विकेट पर 91 रन था, जब 9वें ओवर की आखिरी गेंद पर प्रतिका रावल के रूप में दूसरा विकेट गिरा. इसके बाद पतझड़ लग गया. टीम इंडिया ने अगले 46 रन के अंदर ही 7 विकेट गंवा दिए, जिससे 150 रन का स्कोर पार करना भी मुश्किल लगा. हालांकि अंत में क्रांति गौड़ ने कुछ बड़े शॉट लगाए और 159 रन तक पहुंचाया. थाईलैंड के लिए सुलीपोर्न लाओमी ने न सिर्फ 3 विकेट लिए बल्कि एक बेहतरीन रन आउट भी किया.

दीप्ति समेत गेंदबाजों का कमाल

बल्लेबाजों को भले ही बीच के ओवरों में परेशानी हुई लेकिन गेंदबाजों ने ऐसा कुछ नहीं होने दिया. हालांकि शुरुआत थाईलैंड की ठीक-ठाक रही और टीम ने पावरप्ले में 3 विकेट खोकर 39 रन बना लिए थे. मगर पावरप्ले खत्म होते ही पारी पूरी तरह बिखर गई, जो कि चौंकाने वाला नहीं था. अपना 150वां मैच खेल रहीं स्टार स्पिनर दीप्ति शर्मा ने सिर्फ 7 गेंदों का स्पैल किया और उसमें बिना कोई रन दिए 3 विकेट लेकर थाईलैंड की पारी को ध्वस्त कर दिया. आखिरकार थाईलैंड की पारी 16.1 ओवर में सिर्फ 65 रन पर निपट गई. दीप्ति के अलावा पेसर नंदनी शर्मा ने 3 और स्पिनर श्री चरणी ने 2 विकेट लिए.

ये जीत भी क्यों टेंशन वाली?

टीम इंडिया ने जीत जरूर हासिल की लेकिन जिस तरह से बल्लेबाजी लड़खड़ाई, वो चौंकाने वाला और परेशान करने वाला है. भारतीय टीम ने पिछले साल वनडे वर्ल्ड कप जरूर जीता लेकिन टी20 फॉर्मेट की बैटिंग में अभी भी हालत अच्छी नहीं है. इंग्लैंड में 2 महीने पहले हुए टी20 वर्ल्ड कप में यही नजारा दिखा. इस मैच में थाईलैंड जैसी टीम के खिलाफ भी 6 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके. ऐसे में आने वाले मुकाबलों में पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश जैसी टीमें मुश्किलें खड़ी कर सकती हैं.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button