Women's Asia Cup: भारत-पाकिस्तान मैच की तारीख हुई तय, 9 दिन के अंदर इतनी बार हो सकती है टक्कर

Women's Asia Cup: भारत-पाकिस्तान मैच की तारीख हुई तय, 9 दिन के अंदर इतनी बार हो सकती है टक्कर

India Women Vs Pakistan Women Asia Cup GettyImage Credit source: Getty Images

भारत-पाकिस्तान की टक्कर का इंतजार कर रहे क्रिकेट फैंस के लिए अच्छी खबर है. जल्द ही दोनों देश के बीच टी20 क्रिकेट का रोमांच दिखने वाला है. ये मैच होगा विमेंस एशिया कप 2026 में, जिसमें भारत और पाकिस्तान की महिला टीम फिर से आमने-सामने होंगी. यूएई में 28 अगस्त से शुरू हो रहे 8 टीमों वाले टूर्नामेंट में भारत-पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है और यहां दोनों टीम का मुकाबला 5 सितंबर को होगा. इस टूर्नामेंट में दोनों टीम की दो बार टक्कर हो सकती है.

एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) ने 6 अगस्त को महिला एशिया कप के छठे संस्करण का कार्यक्रम जारी किया. इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के अलावा श्रीलंका, बांग्लादेश, थाईलैंड, हॉन्ग कॉन्ग और चीन, UAE और इंडोनेशिया की टीमें भी हिस्सा ले रही हैं. इसमें भारत और पाकिस्तान को ग्रुप A में रखा गया है, जहां उनके साथ थाईलैंड और हॉन्ग कॉन्ग-चीन की टीमें शामिल हैं. वहीं ग्रुप B में श्रीलंका, बांग्लादेश, UAE और इंडोनेशिया हैं.

कितनी बार होगी भारत-पाकिस्तान की टक्कर?

टूर्नामेंट की शुरुआत थाईलैंड और हॉन्ग कॉन्ग-चीन के मुकाबले से होगी, जो 28 अगस्त को खेला जाएगा. वहीं हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम इंडिया का पहला मैच 30 अगस्त को थाईलैंड से ही होगा. भारत का अगला मुकाबला 3 सितंबर को हॉन्ग कॉन्ग-चीन से होगा और फिर ग्रुप स्टेज के अपने आखिरी मैच में वो 5 सितंबर को पाकिस्तान से भिड़ेगी.

दोनों ग्रुप से 2-2 टीम सेमीफाइनल में पहुंचेंगी और फिर 13 सितंबर को टूर्नामेंट का फाइनल खेला जाएगा. भारत और पाकिस्तान के बीच इस टूर्नामेंट में 2 बार टक्कर हो सकती है. ग्रुप स्टेज में टक्कर के बाद दोनों टीमों के बीच अगला मुकाबला सीधे 13 सितंबर को फाइनल में ही हो सकता है. हालांकि ऐसा होगा, इसकी संभावना कम है क्योंकि पाकिस्तानी टीम का प्रदर्शन बेहद खराब रहा है.

कैसा है भारत-पाकिस्तान का रिकॉर्ड?

भारत और पाकिस्तान के बीच हाल ही में महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप राउंड में टक्कर हुई थी. इस मुकाबले में टीम इंडिया ने 170 रन का दमदार स्कोर खड़ा किया था. इसके जवाब में पाकिस्तानी टीम सिर्फ 106 रन पर ढेर हो गई थी. ऐसे में एक बार फिर एशिया कप में भी इसी तरह का नजारा देखने की उम्मीद भारतीय फैंस करेंगे. वैसे भी भारत और पाकिस्तान के बीच महिला टी20 क्रिकेट में 16 मैच खेले गए हैं, जिसमें से भारत ने 13 और पाकिस्तान ने सिर्फ 3 मैच जीते हैं.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button