लंका फतह के बाद भी WTC में भारत की टेंशन बरकरार! गिल ब्रिगेड 5वें नंबर पर, फाइनल की राह कठिन

आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप 2025-27 अब ऐसे मोड़ पर पहुंच चुकी है, जहां हर टेस्ट जीत फाइनल की रेस को नया रंग दे सकती है. मौजूदा चक्र में ऑस्ट्रेलिया 10 मैचों में 8 जीत और 80 प्रतिशत अंक प्रतिशत के साथ शीर्ष पर है. उसके पीछे दक्षिण अफ्रीका 75 प्रतिशत और न्यूजीलैंड 72.22 प्रतिशत के साथ मजबूत स्थिति में हैं.

भारत की बात करें तो टीम 11 टेस्ट में 5 जीत के साथ 51.52 प्रतिशत अंक प्रतिशत लेकर पांचवें स्थान पर है. गॉल में श्रीलंका को 165 रनों से हराने के बाद भारत ने कोलंबो टेस्ट ड्रॉ कराया और दो मैचों की सीरीज 1-0 से अपने नाम की. हालांकि, फाइनल की दौड़ में भारत को आगे बढ़ने के लिए अब आने वाली सीरीज में गलतियों की गुंजाइश बेहद कम रखनी होगी.

— ICC (@ICC) August 27, 2026

1. ऑस्ट्रेलिया- सबसे मजबूत दावेदार

  • मैच: 10 | जीत: 8 | अंक प्रतिशत: 80
  • सबसे ज्यादा रन: ट्रेविस हेड (914)
  • सबसे ज्यादा विकेट: मिचेल स्टार्क (58)

2023 की WTC चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया ने इस चक्र में लगभग परफेक्ट शुरुआत की है. वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज क्लीन स्वीप करने के बाद उसने घरेलू मैदान पर एशेज भी बरकरार रखी.

बांग्लादेश के खिलाफ अप्रत्याशित हार से उसकी बढ़त जरूर कम हुई, लेकिन मैके में जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने फिर अपनी स्थिति मजबूत कर ली. 10 में सिर्फ दो हार के साथ टीम लगातार तीसरी बार WTC फाइनल में पहुंचने की मजबूत दावेदार है.

सम्बंधित ख़बरें

आगे उसे दक्षिण अफ्रीका और भारत के मुश्किल दौरे करने हैं, जबकि 2026 के अंत में न्यूजीलैंड चार टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया आएगा.

2. दक्षिण अफ्रीका- डिफेंडिंग चैम्पियन की मजबूत शुरुआत

  • मैच: 4 | जीत: 3 | अंक प्रतिशत: 75
  • सबसे ज्यादा रन: टोनी डी जॉर्जी (278)
  • सबसे ज्यादा विकेट: साइमन हार्मर (30)

मौजूदा चैम्पियन दक्षिण अफ्रीका ने भारत को उसकी जमीन पर 2-0 से हराकर अपनी दावेदारी मजबूत कर दी. भारत में 25 साल बाद मिली टेस्ट सीरीज जीत उसके अभियान की सबसे बड़ी उपलब्धियों में रही.

पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज ड्रॉ करने के बावजूद टीम चार टेस्ट में तीन जीत हासिल कर चुकी है. अब ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड जैसी मजबूत टीमें दक्षिण अफ्रीका दौरे पर आएंगी.

3. न्यूजीलैंड- चैम्पियन बनने की रेस में आगे

  • मैच: 6 | जीत: 4 | अंक प्रतिशत: 72.22
  • सबसे ज्यादा रन: डेवोन कॉनवे (676)
  • सबसे ज्यादा विकेट: जैकब डफी (23)

पहली WTC चैम्पियन न्यूजीलैंड ने इस चक्र में देर से शुरुआत की, लेकिन आते ही प्रभाव छोड़ा. वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज जीतने के बाद उसने इंग्लैंड को उसके घर में 2-1 से मात दी.

पहला टेस्ट हारने के बाद लगातार दो जीत हासिल करना न्यूजीलैंड की मजबूती दिखाता है. उसके खाते में छह टेस्ट से चार जीत हैं.

भारत और श्रीलंका के खिलाफ घरेलू सीरीज के अलावा उसे ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के कठिन दौरों पर भी जाना है.

4. बांग्लादेश- ऑस्ट्रेलिया को हराकर बढ़ी उम्मीद

  • मैच: 6 | जीत: 3 | अंक प्रतिशत: 55.56
  • सबसे ज्यादा रन: नजमुल हुसैन शांतो (647)
  • सबसे ज्यादा विकेट: तैजुल इस्लाम (24)

श्रीलंका में शुरुआती सीरीज गंवाने के बावजूद बांग्लादेश ने शानदार वापसी की है. ऑस्ट्रेलिया को उसके घर में हराकर टीम ने WTC फाइनल की रेस में बड़ा दावा पेश किया.

पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज जीत भी उसके अभियान में अहम रही. अब वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज तथा दक्षिण अफ्रीका के दौरे में बांग्लादेश के प्रदर्शन पर नजर रहेगी.

5. भारत- फाइनल की राह में अब गलती की गुंजाइश कम

  • मैच: 11 | जीत: 5 | अंक प्रतिशत: 51.52
  • सबसे ज्यादा रन: शुभमन गिल (1024)
  • सबसे ज्यादा विकेट: मोहम्मद सिराज (43)

इंग्लैंड के खिलाफ रोमांचक सीरीज ड्रॉ और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू मैदान पर 0-2 की हार ने भारत को WTC टेबल में पीछे धकेला. दो बार फाइनल का उपविजेता रह चुका भारत अब अभियान के आधे से ज्यादा सफर को तय कर चुका है और उसे तेजी से अपनी स्थिति सुधारनी होगी.

श्रीलंका दौरे की शुरुआत भारत ने गाले में 165 रनों की शानदार जीत से की. देवदत्त पडिक्कल के शतक और मानव सुथार की घातक गेंदबाजी ने भारत को बड़ी जीत दिलाई. कोलंबो में टीम सीरीज 2-0 करने की स्थिति में थी, लेकिन सोनल दिनुषा की जुझारू पारी ने श्रीलंका को ड्रॉ तक पहुंचा दिया.

भारत ने सीरीज 1-0 से जीती, लेकिन फाइनल की रेस में उसे इससे ज्यादा अंक हासिल करने की उम्मीद थी.

अब भारत को न्यूजीलैंड में दो टेस्ट खेलने हैं. इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू पांच टेस्ट की सीरीज WTC फाइनल की उसकी उम्मीदों के लिए बेहद अहम होगी.

6. श्रीलंका- सिर्फ एक जीत, राह मुश्किल

  • मैच: 6 | जीत: 1 | अंक प्रतिशत: 33.33
  • सबसे ज्यादा रन: सोनल दिनुषा (606)
  • सबसे ज्यादा विकेट: असिथा फर्नांडो (25)

श्रीलंका ने बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज जीतकर चक्र की शुरुआत की, लेकिन इसके बाद वेस्टइंडीज में हार और भारत के खिलाफ गाले टेस्ट में शिकस्त ने उसकी मुश्किलें बढ़ा दीं.

कोलंबो में सोनल दिनुषा की शानदार पारी की बदौलत उसने भारत को सीरीज क्लीन स्वीप करने से रोक दिया. हालांकि छह टेस्ट में सिर्फ एक जीत के साथ फाइनल की राह बेहद कठिन है.

आगे दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज श्रीलंका की असली परीक्षा होंगी.

7. इंग्लैंड- ओवर रेट की सजा ने बिगाड़ा गणित

  • मैच: 14 | जीत: 5 | अंक प्रतिशत: 29.76
  • सबसे ज्यादा रन: जो रूट (1174)
  • सबसे ज्यादा विकेट: जोश टंग (53)

न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज 1-2 से गंवाने और एशेज में 1-4 की हार के बाद इंग्लैंड WTC तालिका में सातवें स्थान पर है.

14 टेस्ट में सिर्फ पांच जीत के अलावा धीमी ओवर गति के कारण मिले पेनल्टी पॉइंट्स ने भी उसकी स्थिति खराब की है. पाकिस्तान के खिलाफ जीत से उसे राहत मिली है, लेकिन फाइनल की दौड़ में लौटने के लिए अब लगातार जीत जरूरी होगी.

8. वेस्टइंडीज- अभियान बचाने की आखिरी कोशिश

  • मैच: 12 | जीत: 2 | अंक प्रतिशत: 20.83
  • सबसे ज्यादा रन: शाई होप (792)
  • सबसे ज्यादा विकेट: शमर जोसेफ (35)

पाकिस्तान के खिलाफ पहला टेस्ट जीतकर वेस्टइंडीज ने इस चक्र की दूसरी जीत हासिल की, लेकिन दूसरा टेस्ट ड्रॉ रहने से सीरीज उसके पक्ष में नहीं जा सकी.

इससे पहले टीम ने श्रीलंका को 1-0 से हराकर अभियान की पहली सीरीज जीत दर्ज की थी. अब उसके पास बांग्लादेश के खिलाफ आखिरी सीरीज बची है, जिसमें वह चक्र का अंत जीत के साथ करना चाहेगी.

9. पाकिस्तान- लगातार झटकों से मुश्किल में

  • मैच: 7 | जीत: 2 | अंक प्रतिशत: 19.05
  • सबसे ज्यादा रन: बाबर आजम (439)
  • सबसे ज्यादा विकेट: मोहम्मद अब्बास (19)

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज ड्रॉ कराने के बाद पाकिस्तान को बांग्लादेश के खिलाफ 0-2 से हार झेलनी पड़ी. वेस्टइंडीज में वापसी करते हुए उसने सीरीज ड्रॉ कराई, लेकिन इंग्लैंड दौरे की शुरुआत बेहद खराब रही और लीड्स टेस्ट में उसे पारी से हार मिली.

अब इंग्लैंड के खिलाफ बाकी मुकाबलों के अलावा श्रीलंका और न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज पाकिस्तान के लिए WTC अभियान में वापसी का मौका हैं.

WTC फाइनल की रेस में किसकी स्थिति सबसे मजबूत?

फिलहाल ऑस्ट्रेलिया सबसे आगे, जबकि दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड उसके करीब हैं. बांग्लादेश और भारत के बीच भी ज्यादा अंतर नहीं है, इसलिए आने वाले कुछ टेस्ट तालिका को पूरी तरह बदल सकते हैं.

भारत के लिए खास तौर पर न्यूजीलैंड दौरा और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टेस्ट की घरेलू सीरीज निर्णायक साबित हो सकती है. फाइनल में जगह बनाने के लिए अब सिर्फ जीत नहीं, लगातार जीत जरूरी है.
 

---- समाप्त ----